उत्तर प्रदेशलखनऊ

मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत प्रत्येक जनपद में लोक कलाकारों द्वारा देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे

गत् वर्ष की भांति इस वर्ष भी उ0प्र0 संस्कृति विभाग द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तर्ज पर युवा पीढ़ी में देश भक्ति की भावना को जागृत करने के लिए 09 से 15 अगस्त तक जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा प्रत्येक जनपद में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। कार्यक्रम के प्रस्तुतीकरण में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जायेगी।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मा0 प्रधानमंत्री की प्रेरणा से 75 सप्ताह तक चलने वाले आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम का समापन 15 अगस्त, 2023 को किया जा रहा है। संस्कृति विभाग को मेरी माटी मेरा देश अभियान के संचालन के लिए नोडल विभाग नामित किया गया है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 09 अगस्त से 15 अगस्त, 2023 तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संपन्न कराये जायेंगे। इसमें जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की विशेष भूमिका होगी। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम आवंटित करके आजादी की लड़ाई में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदो को नमन एवं देशभक्ति की भावना जगाने वाले कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया जायेगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को कार्यक्रम देने से पूर्व आधी धनराशि उनके खाते में ट्रांसफर कराई जायेगी। शेष धनराशि का भुगतान कार्यक्रम संपन्न होने पर किया जायेगा। मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत देशभर में अमृत कलश यात्रा निकाली जायेगी। देश के गॉव-गॉव से 7500 कलशों में मिट्टी लेकर अमृत कलश यात्रा दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पहुँचेगी। उ0प्र0 के प्रत्येक ब्लाक से युवा कलश के साथ 02 पौधे भी लेकर भी जायेंगे। इससे दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण किया जायेगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत 09 अगस्त को शिलाफलकम का लोकार्पण, स्मारक स्थलों पर पंच प्रण लिया जायेगा। 15 अगस्त को वसुधा वन्दन के अंतर्गत 75 पौधों का रोपण किया जायेगा। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिवारों को सम्मानित किये जाने के तहत वीरों का वंदन कार्यक्रम होगा तथा 15 अगस्त को कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा एवं राष्ट्रगान का गायन होगा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button