उत्तर प्रदेशबरेली

विवादित बयान देने वाले सपा विधायक शहजिल इस्लाम का पेट्रोल पंप का लाइसेंस निरस्त

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चेताने वाले अंदाज में बयान देने वाले बरेली जिले की भोजीपुरा सीट से सपा विधायक शहजिल इस्लाम की मुश्किलें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। उनके पेट्रोल पंप पर बुलडोजर चलाने के बाद अब उसका लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई शर्तों के उल्लंघन पर प्रशासन ने निर्माण की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) स्वत: निरस्त मानते हुए की है।

उधर, डीएम ने भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड यानी बीपीसीएल रिटेल-आउटलेट की डीलरशिप समाप्त कराने के भी आदेश दिए हैं। शहजिल इस्लाम के दिल्ली हाईवे स्थित पेट्रोल पंप को कुछ दिन पहले बरेली विकास प्राधिकरण यानी बीडीए ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया। इसके बाद बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने डीएम को पेट्रोल पंप की एनओसी निरस्त करने को लिखा था।

जिला पूर्ति अधिकारी बरेली नीरज सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप के संचालन से संबंधित एनओसी सशर्त दी गई थी, लेकिन उसका पालन नहीं किया गया। इसके चलते ही बीडीए ने पिछले दिनों अवैध निर्माण गिरा दिया था। अब पेट्रोल पंप पर बिक्री संबंधी लाइसेंस रद कर दिया गया है। डीएम ने पेट्रोल पंप की डीलरशिप निरस्त करने के लिए भारत पेट्रोलियम पेट्रोलियम कारपोरेशन को आदेश दिए हैं।

बीडीए उपाध्यक्ष ने शहजिल के पेट्रोल पंप की जमीन सीलिंग और स्वामित्व की जांच कराने के लिए भी पिछले दिनों डीएम को लिखा था। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने सपा विधायक के पेट्रोल पंप की भूमि की सीलिंग और स्वामित्व की जांच एडीएम सिटी सौंपी है। जांच भी शुरू हो गई है।

गौरतलब है कि 2 अप्रैल को जिला समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष संजीव सक्सेना की ओर से आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने आपत्तिजनक बयान दिया था। संजीव सक्सेना के खिलाफ भी विधायक शहजिल के साथ रिपोर्ट दर्ज की गई। माना जा रहा है कि बीडीए और प्रशासन संजीव सक्सेना व कार्यक्रम में शामिल रहे अन्य सपा नेताओं पर भी शिकंजा कस सकता है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button