उत्तर प्रदेशलखनऊ

बेंगलुरू जाने की बात कहकर घर से निकली थी युवती, नशीले इंजेक्शन के ओवर डोज से चली गई जान, साथी युवक गिरफ्तार

लखनऊ : राजधानी के महानगर की रहने वाली एक युवती बेंगलुरू जाने की बात कहकर घर से निकली थी. लेकिन, वह बीबीडी इलाके में रहने वाले अपने बॉयफ्रेंड के पास पहुंच गई, जहां उसके बॉयफ्रेंड ने उसे नशीले इंजेक्शन के ओवर डोज दिए. लड़की की हालत खराब होने पर उसके बॉयफ्रेंड ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन, वहां लड़की को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. घबराया युवक अपनी गर्लफ्रेंड की लाश को अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गया. हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

दरअसल, महानगर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने अपनी मां को बताया था कि उसे बेंगलुरू जाना है, जिसके चलते 7 अप्रैल को उसकी मां बेटी को चारबाग रेलवे स्टेशन पर छोड़कर अपने घर चली आई. लेकिन, दूसरे दिन उनके पास बीबीडी थाने से पुलिस का कॉल आया और बताया गया कि, उनकी बेटी का शव लोहिया अस्पताल में है, तत्काल आ जाइए. ये सुनते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में मां लोहिया अस्पताल पहुंची और शव की शिनाख्त की. पुलिस ने उन्हें बताया कि, उनकी बेटी को बीबीडी क्षेत्र के रहने वाले विवेक मौर्य ने गंभीर हालत में भर्ती कराया था.

वहीं बीबीडी थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने बताया कि, लोहिया अस्पताल में युवती को भर्ती कराने वाले युवक विवेक को गिरफ्तार कर लिया गया है. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, वो दोनों लोग नशे का इंजेक्शन लेते थे. रविवार और सोमवार को दोनों ने नशे के इंजेक्शन लिए थे. लेकिन, युवती को दिया गया आखिरी इंजेक्शन ओवर डोज हो गया, जिससे उसकी तबियत खराब हो गई थी. थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल मृतका की मां ने हत्या का मामला दर्ज कराया है. शुरुआती जांच में फिलहाल हत्या के सबूत नहीं मिल रहे हैं. आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार विधिक कार्रवाई होगी.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button