उत्तर प्रदेशलखनऊ

किसान की हत्या करने वाला गिरफ्तार, राम मंदिर दर्शन कराने के बहाने बुलाकर दिया था वारदात को अंजाम

लखनऊ। बंथरा इलाके में दो दिन पहले हुई किसान मखोले की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बंथरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले हुई चोरी की घटना में भाई को जेल भेजने की धमकी देने से नाराज आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। वाराणसी काशी विश्वनाथ और राममंदिर में दर्शन कराने के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया था। 
 
इंस्पेक्टर बंथरा राम सिंह के मुताबिक मखोले की हत्या के आरोप में नानमऊ के सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीम ने उसे बंथरा के कंजाखेड़ा चौराहा मोहान रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांव में कुछ दिन पहले चोरी हुई थी। इस मामले में मखोले के बेटे पप्पू ने एफआईआर दर्ज कराई। जिसमें उसके भाइयों को आरोपी बनाया था।

सुनील ने पुलिस को बताया कि इसी बात को लेकर वह नाराज था। उसने मखोले और अन्य गांव वालों को लेकर वाराणसी काशी विश्वनाथ मंदिर और अयोध्या में राम मंदिर दर्शन करने के बहाने अपने साथ लेकर गया। 13 अगस्त की रात को वापस आते समय कंजाखेड़ा चौराहा के पास गांव के लोगों को भेज दिया और मखोले को रोक लिया। वहां पर मखोले को धमकाया कि उसका और भाई का नाम चोरी के मामले में दोबारा न लेना। इस पर मखौले ने उसका और चचेरे भाई संजय के खिलाफ रिपोर्ट लिखाकर जेल भेजने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर सुनील ने पास पड़ी ईंट उठाकर मखोले के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक संजय पहले ही चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

शव मिलने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन 
बुधवार की सुबह मखोले का शव बनी मोहान रोड पर पड़ा मिला। जानकारी होने पर पहुंचे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सुनील पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन का आरोप था पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। इसके कारण मखोले की हत्या हुई है। करीब 3 घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन जारी रहा। चार थानों की पुलिस टीम और उच्चाधिकारियों के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button