देश

जम्मू कश्मीर में चुनाव ऐलान से पहले पुलिस अधिकारियों का तबादला, खुफिया प्रकोष्ठ को मिला नया प्रमुख

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस में शुक्रवार को बड़ा फेरबदल करते हुए प्रशासन ने कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया, वहीं खुफिया शाखा को नया प्रमुख मिल गया। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तीन अलग-अलग आदेशों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया।

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी नलिन प्रभात को जम्मू-कश्मीर पुलिस का विशेष महानिदेशक नियुक्त किए जाने के एक दिन बाद यह फैसला लिया गया। 30 सितंबर को आर आर स्वैन के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभात बल के प्रमुख की भूमिका संभालेंगे।

केंद्र शासित प्रदेश के पुलिस बल में ये घटनाक्रम तथा अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्तियों को केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की पूर्वसूचना के तौर पर देखा जा रहा है। उच्चतम न्यायालय ने यहां 30 सितंबर से पहले चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। निर्वाचन आयोग आज दोपहर में इस संबंध में घोषणा कर सकता है।

सरकार की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है, ‘‘ प्रशासन के हित में यह आदेश दिया जाता है कि नीतीश कुमार, आईपीएस (एजीएमयूटी: 1999) एडीजीपी सीआईडी ​​को सीआईडी ​​प्रमुख के रूप में नियुक्त किया जाता है। एक अलग आदेश में सरकार ने पुलिस महानिरीक्षकों (आईजीपी) और उप महानिरीक्षकों (डीआईजी) सहित 12 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश दिया।

सरकार ने पुलिस की राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) के डीआईजी अजीत सिंह को भी स्थानांतरित कर दिया है और उन्हें डीआईजी यातायात कश्मीर के पद पर तैनात किया गया है। एक अन्य आदेश में जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कई जिलों के पुलिस प्रमुखों को स्थानांतरित कर दिया जिनमें जम्मू क्षेत्र के वे जिले भी शामिल हैं जहां हाल के महीनों में आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है। जम्मू, रामबन, कठुआ, रियासी, उधमपुर, डोडा और पुंछ जिलों को नए पुलिस प्रमुख मिले हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button