उत्तर प्रदेशलखनऊ

पति को काॅल कर पत्नी बोली- जान देने जा रही हूं, लगा लिया फंदा

लखनऊ/ सरोजनीनगर । सरोजनीनगर क्षेत्र में काम पर निकले राजगीर पति के मोबाइल पर फोन कर पत्नी ने फंदा लगाकर जान देने की बात बोलकर काॅल डिस्कनेक्ट कर दी। पति घर पहुंचा तो पत्नी फंदे पर लटकी मिली। मृतका के भाई ने बहनोई की प्रताड़ना से तंग आकर बहन के जान देने की बात कही है। पुलिस ने प्रार्थना-पत्र मिलने पर जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक, हिंदू खेड़ा निवासी रामचंद्र धीमान राजगीर हैं। शुक्रवार सुबह वह काम पर चले गये थे। घर पर पत्नी सुरेखा (35) और बच्चे थे। दोपहर करीब 1 बजे पत्नी ने उसे फोन करके बताया कि वह फंदा लगाने जा रही है। उसे रोकने व कारण पूछने का प्रयास किया तो काॅल डिस्कनेक्ट कर दी। रामचंद्र आनन-फानन पड़ोसियों को मामला बता कर घर की ओर रवाना हुआ। जब वह घर पहुंचा तो पत्नी पंखे से दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली। जबकि तीनों बेटियां घर के बाहर खेल रहीं थी। पड़ोसियों की मदद से पत्नी को फंदे से उतार कर लोक बंधु अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना की जानकारी पर मायके वाले पहुंचे। भाई संदीप ने बहनोई रामंचद्र पर रुपयों को लेकर सुरेखा से मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि प्रताड़ना से तंग होकर बहन ने जान दी। इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरी का कहना है कि मायके वालाें ने अभी इस संबंध में कोई प्रार्थना-पत्र नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। सुरेखा के परिवार में तीन बेटियां मुस्कान (13), अर्पिता (11) व प्रीति (10) हैं। तीनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button