उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

पशुओं को छाया और चारा उपलब्ध कराएगी योगी सरकार, UP की सभी गोशालाओं में विकसित होंगे गोपाल वन

लखनऊ। पौधरोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत नौ जुलाई उत्तर प्रदेश 37 करोड़ से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही सरकार प्रदेश की सभी गोशालाओं में गोपाल वन की स्थापना करेगी। गोशाला में छायादार व चारा प्रजाति के पौध लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गोपाल वन की स्थापना की मुहिम से संत समाज व गोपालक भी जुड़ गए हैं।

अधिकृत सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सरकार ने 2025 महाभियान के तहत 52.43 करोड़ पौधे तैयार कराए हैं। इसमें से 37 करोड़ पौधे यूपी में लगाए जाएंगे। 2017 के पश्चात अब तक 204.92 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। ग्रीन वेव की तरफ बढ़ रहा उत्तर प्रदेश हरित आवरण में देश में दूसरे स्थान पर है। यही नहीं, यूपी की हवा को शुद्ध करने के साथ ही योगी सरकार जंतु-जानवरों की तरफ भी पूरा ध्यान दे रही है।

इसी को देखते हुए गोपाल वन की स्थापना कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में 6613 अस्थायी गोआश्रय स्थल, 387 वृहद गोसंरक्षण केंद्र, 305 कांजी हाउस तथा शहरी क्षेत्र में 303 कान्हा गोआश्रय स्थल सहित कुल 7608 गोआश्रय स्थल संचालित हैं। इन सभी स्थलों में गोपाल वन की स्थापना भी की जाएगी। पूरे वर्षकाल में यहां भी पौधरोपण किया जाएगा। साथ ही इसके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान रहेगा।

सरकार ने इसके अतिरिक्त निजी गोपालकों से भी अनुरोध किया है कि वे भी पौधे लगाएं। भगवान श्रीकृष्ण को गोपाल कहा जाता है। वे गायों की देखभाल व पालन करते थे। गाय निस्वार्थ भाव से बहुत कुछ देती है। इसी उद्देश्य से योगी सरकार ने निर्णय लिया कि गोशाला परिसर में निवास कर रहे पशुओं को छाया व चारा उपलब्ध कराए जाने के दृष्टिगत प्रत्येक गोशाला परिसर में गोपाल वन की स्थापना की जाए।

महाभियान के तहत यह आदेश जारी किया गया है कि प्रभागों के अंतर्गत प्रत्येक गोशाला में गोपाल वन की स्थापना की जाए, जिसमें स्थल की उपलब्धता के अनुरूप छायादार व चारा प्रजातियों का रोपण किया जाए। गोपाल वन के सफलता-सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस मुहिम से संत समाज व गोपालक भी जुड़ गए हैं।

संत समाज-गोपालकों ने तय किया है कि निजी और सरकारी गोशालाओं में भी पौधरोपण किया जाएगा। 9 जुलाई से सभी गोशालाओं में पौधरोपण प्रारंभ होगा। फिर इनके संरक्षण पर भी सर्वाधिक जोर रहेगा। गोसेवा आयोग ने भी पौधरोपण महाभियान में सहभागिता को लेकर तैयारी कर ली है। आयोग की तरफ से दो दिन पहले ऑनलाइन बैठक भी हुई है।

गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने बताया कि सभी गोशालाओं में सहजन, पीपल, पाकड़, बरगद आदि के पौध लगाने पर जोर दिया गया है। छायादार पौध गोशाला में रहने वाले गोवंशों के लिए काफी कारगर साबित होंगे। 9 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा पौधरोपण महाभियान-2025 प्रारंभ करने के बाद आयोग भी पूरे वर्षा काल में पौध लगाएगा और इनके संरक्षण पर जोर देगा।

पौधरोपण अभियान के मिशन निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि नौ जुलाई को पौधरोपण महाभियान-2025 को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार अनेक महापुरुषों के नाम पर वनों के साथ ही गोपाल वन की भी स्थापना की जाएगी। गोशालाओं में चारा व छायादार प्रजााति के पौधे लगाए जाएंगे। गोपाल वन की स्थापना में गोपालकों व संत समाज का भी सहयोग लिया जाएगा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button