उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

माफिया और दंगाइयों की सगी है समाजवादी पार्टी, अराजकता फैलाने वालों को मिट्टी में मिलाने में नहीं लगेगी देर: मुख्यमंत्री

अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने वालों में आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं: सीएम योगी

गोरखपुर, 19 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे निर्मम हत्या करार दिया है। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ निकालें और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाएं जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती। ये गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे। प्रदेश की सड़कें आम जनमानस के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए। यदि किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया, तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमिपूजन तथा 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया और कल्पवृक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

*पीड़ित परिवार से मिलेंगे मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री ने कहा कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए किशोर को सपा के रोड शो का शिकार बना दिया गया। माफिया के पोषक मौन रहे और संवेदना का एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने इस घटना पर शोक एवं संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा की।

*विपक्ष को बताया मारीच*
सीएम ने कहा कि भक्तों को राम अच्छे दिनों में याद आते हैं, लेकिन दुर्जनों को अंत समय में मारीच की तरह राम नाम याद आता है। उन्होंने चुनौती दी कि हिम्मत है तो अयोध्या से नामांकन करें, आमने सामने मुकाबला होगा। कायर पीछे से वार करते हैं।

*ओवैसी और इंडी गठबंधन पर निशाना*
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, सपा, बसपा व एआईएमआईएम को एक ही थाली के चट्टे-बट्टे बताते हुए कहा कि हैदराबाद से आया मौलाना मचल रहा है। चुनाव परिणाम के साथ ही हैदराबाद का भाग्यलक्ष्मीपुरम बनना तय हो जाएगा।

*अगले सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं*
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले सत्र से वैकल्पिक स्थान पर वानिकी विश्वविद्यालय की कक्षाएं शुरू होंगी और तय समय सीमा में भवन बनेगा। यहां स्नातक, परास्नातक, पीएचडी व डिप्लोमा स्तर के सिल्वीकल्चर, एग्रोफॉरेस्ट्री व औद्यानिकी पाठ्यक्रम चलेंगे।

*किसानों को विशेष पैकेज, एग्रोफॉरेस्ट्री नियम होंगे सरल*
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को गोरखपुर में 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है और जल्द ही अलग से विशेष पैकेज मिलेगा। एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नियमों में संशोधन होगा।

*साढ़े नौ वर्ष में 280 करोड़ वृक्षारोपण*
वैदिक सूत्र ‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण दोहन से आपदाएं आती हैं। 12 जुलाई 2026 को एक दिन में 35 करोड़ व साढ़े नौ वर्ष में 280 करोड़ पौधे लगे, जिसका जिक्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘मन की बात’ में भी किया।

*कब्रिस्तान नहीं, मंदिरों पर खर्च हो रहा बजट*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में दलित, पिछड़े, निषाद, यादव, सैंथवार, वैश्य व ब्राह्मण समुदाय की जमीनें कब्जाकर कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए पैसा दिया जाता था। अब वही बजट 4,500 से अधिक मंदिरों के पुनरुद्धार पर खर्च हो रहा है।

*शिक्षा शोध का केंद्र बन रहा पूर्वांचल: पंकज चौधरी*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पिछड़ेपन से निकलकर पूर्वांचल शिक्षा व शोध का केंद्र बन रहा है। सपा कांग्रेस ने इसका सिर्फ राजनीतिक इस्तेमाल किया। आज भाजपा सरकार में अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई और 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं।

*पिछली सरकारों में सिर्फ चहेतों का विकास: संजय निषाद*
मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पिछली सरकारें सिर्फ चहेतों का विकास करती थीं। मुख्यमंत्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा साकार किया। स्वीकृत मत्स्य विश्वविद्यालय का जल्द गोरखपुर में उद्घाटन होगा।

*निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बना यूपी: अरुण सक्सेना*
वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि योगी सरकार में अपराध घटे हैं व यूपी निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन और हरित प्रदेश बन रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय का नाम ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ के नाम पर रखने का आग्रह किया।

*सपा राज में अपराध व इंसेफेलाइटिस का बोलबाला: रवि किशन*
सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि अखिलेश यादव की रैली में भाजपा कार्यकर्ता के 12 वर्षीय पुत्र को कुचल दिया गया। सपा सरकार में अपराध व इंसेफेलाइटिस का बोलबाला था, जबकि आज जमीनों पर कब्जे का डर खत्म हुआ है।

*योगी सरकार में गुंडों पर लगाम: फतेह बहादुर सिंह*
विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयास से विश्वविद्यालय का शिलान्यास संभव हुआ। उन्होंने इसके छात्रों के लिए अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड में निश्चित कोटा मांगा।

*कार्यक्रम में रहे मौजूद*
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्री संजय निषाद, डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री केपी मलिक, सांसद रवि किशन शुक्ला, विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कनौजिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह व ध्रुव कुमार त्रिपाठी, रमाकांत निषाद, चारू चौधरी, विनोद राय व जनार्दन तिवारी सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button