राजस्थान

कांग्रेस ने किसानों और युवाओं के साथ धोखा किया, अब बहकावे में नहीं आएंगे : शेखावत

सीकर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गहलोत सरकार पर वादा-खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने प्रदेश के किसानों और युवाओं सहित सभी वर्गों के साथ धोखा किया है। अब राजस्थान की जनता कांग्रेस के बहकावे में नहीं आएगी। इस बार राज्य में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। शेखावत शनिवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में डाबड़ी में भाजपा प्रत्याशी श्रवण चौधरी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश इस बार चार बार दिवाली मनाएगा। पहली आप लोग मना चुके हैं। दूसरी तीन दिसम्बर को जब परिणाम आएगा और भाजपा जीतेगी और तीसरी 22 जनवरी को जब अयोध्या में रामलला का मंदिर बन कर पूर्ण हो जाएगा और चौथी दिवाली तब मनाई जाएगी, जब मई 2024 में आप लोगों के सहयोग से नरेन्द्र मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बन जाएंगे।

उन्होंने जनता को वोट की कीमत समझाते हुए कहा कि पिछली बार सांसद के चुनाव में आपने सही वोट दिया तो केन्द्र में मोदी सरकार बनी और राज्य में गलत वोट दिया तो प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी। केन्द्र की सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना दी, गरीबो को गैस के चूल्हे दिए, घर घर बिजली पहुंचाई और शौचालय बनवाए। इससे माताओं- बहनों को खुले में शौच जाने से मुक्ति बनी। आपने एक वोट सही दिया कश्मीर से धारा 370 हटी। आतंकवाद पर सर्जिकज स्ट्राइक हुआ।

शेखावत ने कहा, आपने एक वोट गलत दिया तो प्रदेश में कांग्रेस सरकार आई। इसने किसानों के साथ धोखा किया। कर्ज माफ नहीं किया। प्रदेश में बाजरी बहुतायत से होती है। लेकिन राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर बाजरे की खरीद नहीं की। युवाओं के साथ धोखा हुआ। इनसे कहा गया था कि बेरोजगारी भत्ता देंगे। लेकिन भत्ता तो दिया नहीं, सत्रह बार पेपर लीक कर युवकों को दंश दिया। कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को देश की बलात्कार की राजधानी बना दिया। महिलाएं राजस्थान में सुरक्षित नहीं है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस सरकार ने केन्द्र सरकार की योजनाओं को सही ढंग से लागू नहीं किया। जो राजस्थान वसुंधरा राजे सरकार में अव्वल दर्र्जे पर था, उसे पिछड़ा बना दिया। इसका सबसे बड़ा उदाहरण जलजीवन मिशन है। अब तक देश के 71 प्रतिशत घरों में पीने का पानी पहुंंच गया। गुजरात हिमाचल जैसे राज्यों में तो सौ फीसदी घरों तक पीने का पानी पहुंच गया। लेकिन मैं राजस्थान के आंकड़े देखकर दुखी होता हूं। जलजीवन मिशन में राजस्थान पूरे देश में नीचे से तीसरे नंबर पर है। यहां तीस हजार करोड़ रुपए का बजट दिया था, उसमें से मात्र दस हजार करोड़ रुपए मिशन पर खर्च किए, जो राशि खर्च की, उसमें भी हजारों करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह विशेष चुनाव है। देश अमृत काल के दौर से गुजर रहा है। इसमें हम देश को विकसित बनाएंगे। यह उस नींव की ईंट रखने का चुनाव है। इसलिए भावनाओं में बहकर वोट नहीं देना है। प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार आएगी। आपको किसी के बहकावे में नहीं आना है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button