देशराजनीतिहरियाणा

2009 में कांग्रेस की तरफ से पहली बार जीता था लोकसभा चुनाव, कुछ ऐसा रहा है अशोक तंवर का सियासी सफर…..

हरियाणा से कांग्रेस के पूर्व सांसद अशोक तंवर ने 2 दिन पहले आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफ़ा दे दिया था और कल वें भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए।

आम आदमी पार्टी (AAP) से पहले अशोक तंवर तृणमूल कांग्रेस (TMC) का हिस्सा थे। टीएमसी के बाद अशोक तंवर आम आदमी से जुड़े थे। लेकिन अब उनका ‘आप’ से भी साथ छूट गया है।

अशोक तंवर अब शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और अनिल बलूनी की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं।

हरियाणा में कभी अशोक तंवर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हुआ करते थे। हरियाणा में अशोक तंवर पार्टी का दलित और युवा चेहरा थे। इस दौरान उनकी राहुल गांधी से खासी करीबियां रहीं।

कांग्रेस के बड़े नेताओं में थे शुमार

अशोक तंवर दिल्ली में छात्र राजनीति से निकलकर हरियाणा में कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार हुए थे। लेकिन फिर बाद में पार्टी में टकराव के कारण उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया था और तृणमूल कांग्रेस में चले गए थे।

फिर अशोक तंवर ने कुछ साल टीएमसी के साथ सियासत की, लेकिन 4 अप्रैल 2022 को अशोक तंवर ने टीएमसी का भी साथ छोड़ दिया और आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

अशोक तंवर ने सबसे पहले हरियाणा के सिरसा से साल 2009 में लोकसभा चुनाव जीता था। लेकिन इसके बाद अशोक 2014 में चुनाव हार गए थे। जिसके बाद उन्हें हरियाणा कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बना दिया गया था।

2019 तक प्रदेशाध्यक्ष रहने के बाद उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था। अब अशोक तंवर ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्य्ता से भी इस्तीफ़ा दे दिया है और भाजपा में शामिल हो गए हैं।

ऐसे शुरू हुआ सियासी सफर

अशोक तंवर ने वरंगल के काकतीय यूनिवर्सिटी से बीए और दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पीएचडी की पढ़ाई की थी। इसी दौरान वह एनएसयूआई (NSUI) के साथ जुड़े थे। यहीं से उनका सियासी सफर शुरू हुआ।

इसके बाद अशोक तंवर की मुलाकात राहुल गांधी से हुई। जिसके बाद वें राहुल गांधी के बहुत करीबी नेताओं में से एक बन गए। अशोक तंवर की शादी भी कांग्रेस नेता के परिवार में ही हुई थी।

अशोक तंवर की शादी कांग्रेस नेता अजय माकन की चचेरी बहन और ललित माकन की बेटी अवंतिका माकन से हुई। अवंतिका पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा की नातिन हैं।

अवंतिका और अशोक के 2 बेटे और 1 बेटी है। अशोक तंवर मूल रूप से झज्जर के चिमनी गांव के रहने वाले हैं। अवंतिका अशोक के राजनीतिक सफर में उनके साथ हैं।

 

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button