एटाराज्य

यूपी में ऑनर किलिंग, पिता ने बेटे के साथ मिलकर बेटी को मारी गोली, पुलिस ने जलती चिता से उठाई लाश

एटा : नयागांव इलाके के एक गांव में शनिवार को पिता ने बेटे के साथ मिलकर गोली मारकर बेटी की हत्या कर दी. इसके बाद गुपचुप तरीके से खेत में चिता सजाकर लाश जला रहा था. इस बीच गोपनीय जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने जलती चिता से शव को उठवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद पिता-पुत्र फरार हैं. पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. चर्चा है कि बेटी के अफेयर को लेकर घर में हुए झगड़े के बाद वारदात को अंजाम दिया गया.

एएसपी धनंजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार थाना नयागांव इलाके के एक गांव निवासी शख्स की बेटी का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. परिवार के लोग इसका विरोध कर रहे थे. इसे लेकर शनिवार की शाम को झगड़ा हो गया. इसके बाद पिता ने बेटे के साथ मिलकर बेटी को गोली मार दी. गोली युवती के पेट में लगी. खून से लथपथ बेटी को परिजन अलीगंज के स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

इसके बाद परिजन बिना किसी को कुछ बताए शव का अंतिम संस्कार करने पहुंच गए. खेत में ही चिता सजाकर बेटी की लाश जलाने लगे. इस बीच किसी ने पुलिस को जानकारी दे दी. कुछ ही देर में नयागांव थानाध्यक्ष रितेश ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए. उन्होंने जलती चिता से शव को उठवा लिया. हालांकि पुलिस को केवल धड़ और सिर ही मिल सके.

नयागांव थानाध्यक्ष रितेश ठाकुर का कहना है कि पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा. एएसपी धनंजय सिंह ने बताया कि प्रकरण में 302 समेत अन्य धाराओं में आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button