दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी, AQI 342 पर पहुंचा; प्रदूषण में वाहनों और जैव ईंधन की हिस्सेदारी बढ़ने का अनुमान

दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर स्थिति फिर चिंताजनक हो गई है। आने वाले दिनों में प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक रहने का अनुमान है, जबकि पराली जलाने का योगदान अपेक्षाकृत कम हो सकता है। दिल्ली की निर्णय समर्थन प्रणाली (डीएसएस) के संशोधित पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़कर 18.5 प्रतिशत हो सकती है। वहीं, बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे तक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 342 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
परिवहन क्षेत्र का योगदान बढ़ने का अनुमान
दिल्ली में आने वाले कुछ दिनों के दौरान परिवहन क्षेत्र प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत रह सकता है। बृहस्पतिवार दोपहर जारी संशोधित पूर्वानुमान में यह जानकारी सामने आई। दिल्ली की निर्णय समर्थन प्रणाली (डीएसएस) के अनुसार, बृहस्पतिवार को प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 16 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, पराली जलाने से होने वाला प्रदूषण 8.9 प्रतिशत रह सकता है।
शनिवार को 20.5 प्रतिशत तक पहुंच सकता है योगदान
पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़कर 18.5 प्रतिशत हो सकती है, जबकि पराली जलाने का योगदान घटकर 5.3 प्रतिशत रहने की संभावना है। शनिवार को परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 20.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इस दिन पराली जलाने का योगदान 13.29 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। ये अनुमान बुधवार को जारी पूर्वानुमान से अलग हैं, जिसमें बृहस्पतिवार को पराली जलाने की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत होने की आशंका जताई गई थी।
जैव ईंधन और एरोसोल भी प्रदूषण के बड़े स्रोत
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के स्रोत-आधारित अनुमानों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के प्रदूषण में द्वितीयक कार्बनिक एरोसोल की हिस्सेदारी सबसे अधिक 22.7 प्रतिशत रही। इसके बाद घरेलू ठोस जैव ईंधन जलाने का योगदान 22.3 प्रतिशत दर्ज किया गया। वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी 19.3 प्रतिशत और द्वितीयक अकार्बनिक एरोसोल की हिस्सेदारी 11.9 प्रतिशत रही।
विशेषज्ञों के अनुसार, द्वितीयक कार्बनिक एरोसोल कई स्रोतों से बनते हैं। इनमें कुछ उद्योगों, डीजल और पेट्रोल वाहनों तथा बायोमास जलाने से निकलने वाले उत्सर्जन की भूमिका शामिल है।
पटाखों से प्रदूषण में आई कमी
दिवाली के बाद सोमवार और मंगलवार को पटाखे प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत बनकर उभरे थे, लेकिन बुधवार को उनका योगदान घटकर 7.4 प्रतिशत रह गया। सोमवार को प्रदूषण भार में पटाखों की हिस्सेदारी 71.1 प्रतिशत थी, जो मंगलवार को घटकर 29.8 प्रतिशत हो गई थी।
AQI 342 पर पहुंचा
दिल्ली में वायु गुणवत्ता भी बिगड़ी है। बुधवार को 24 घंटे का औसत AQI 313 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे तक यह बढ़कर 342 पर पहुंच गया। इससे हवा बहुत खराब श्रेणी में आ गई। मंगलवार को स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ था और शाम चार बजे AQI 299 दर्ज किया गया था, जो खराब श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 201 से 300 के बीच होने पर खराब और 301 से 400 के बीच होने पर बहुत खराब श्रेणी में माना जाता है।



