उत्तर प्रदेशकन्नौजराज्यलखनऊ

भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त, बोले अखिलेश यादव- स्थानांतरण और पदस्थापना के नाम पर हो रही वसूली

कन्नौज। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि इसके शासन में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं और राज्य में कोई कहीं भी सुरक्षित नहीं है।

अखिलेश यादव अपने संसदीय क्षेत्र कन्नौज पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा और राज्य में कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया। उन्होंने स्थानांतरण और पदस्थापना के नाम पर बसूली का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य के ‘टॉप टेन’ (शीर्ष दस) माफिया की सूची तो जारी नहीं की है, उसे कम से कम जिले के ही ‘टॉप टेन’ माफिया की सूची जारी कर देनी चाहिए ताकि पता चल जाये कि कन्नौज, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, कुशीनगर, वाराणसी, कौशाम्बी, मिर्जापुर और अन्य जिलों के ‘टॉप टेन’ अपराधी कौन हैं?

इससे पहले कन्नौज नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष एवं सपा नेता सुनील कुमार गुप्त ‘मुन्ना भैया’ के प्रतिष्ठान पहुंचे अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया गया। यादव ने आज कन्नौज भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने और उनके ‘मर्जर’ के खिलाफ है।

उन्होंने कहा, ‘‘बच्चे और बच्चियां दूर के विद्यालयों में कैसे पहुंचेंगे। सरकार के पास बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए आवागमन के क्या साधन हैं। जब स्कूल खोले गये थे, तब उद्देश्य था कि गरीब परिवारों के बच्चे आसानी से स्कूल पहुंच जायें। सबको शिक्षा मिले। इसीलिए ‘मिड-डे-मील’ (मध्याह्न भोजन) योजना शुरू की गयी थी।’’

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार षड्यंत्र के तहत विद्यालयों को बंद करना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार नौजवानों को नौकरी और आरक्षण नहीं देना चाहती है। स्कूल बंद करके शिक्षकों के पद खत्म करना चाहती है। भाजपा जानबूझकर विद्यालयों को बंद करके गरीबों से शिक्षा, नौजवानों से नौकरी और ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का आरक्षण छीनना चाहती है।’’

यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है, सड़कों के गड्ढामुक्त के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भ्रष्टाचार के पैसे के बंटवारे को लेकर सरकार में झगड़ा हो रहा है। झगड़ा कई स्तरों पर है। स्थानांतरण में वसूली को लेकर झगड़ा है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया, कारोबार को बर्बाद कर दिया, महंगाई बढ़ा दी है। उन्होंने कहा, ‘‘अब सरकार के जाने का समय आ गया है तो ट्रांसफर-पोस्टिंग (स्थानांतरण और पदस्थापना) में उगाही शुरू हो गयी है। अब तो आम जनता जनता जान गयी है कि हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट चल रही है।’’

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button