
इजराइल से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां इजरायली सेना की टॉप वकील को गोपनीय सैन्य वीडियो लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, यह महिला वकील पिछले कुछ दिनों से लापता थी, लेकिन इजरायली सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रोन की मदद से उसे समुद्र किनारे ढूंढ निकाला। गिरफ्तारी के बाद उसे सुरक्षा जांच के लिए जेल भेज दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार की गई वकील इजरायली सेना की एक उच्च पदस्थ लीगल एडवाइजर थी, जिसे संवेदनशील सैन्य अभियानों से जुड़ी जानकारियों तक पहुंच थी। उस पर आरोप है कि उसने सेना के आंतरिक ऑपरेशन से जुड़ी कुछ गोपनीय वीडियो और दस्तावेज़ बाहरी मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए। इस लीक के चलते न केवल इजराइल की सुरक्षा नीति पर सवाल खड़े हुए हैं बल्कि सेना के गोपनीय मिशनों की विश्वसनीयता पर भी असर पड़ा है।
इजरायली सुरक्षा बलों ने एक विशेष ऑपरेशन चलाकर उसे खोज निकाला। बताया जा रहा है कि वकील अपने ठिकाने को छिपाने के लिए समुद्र किनारे एक सुनसान इलाके में रह रही थी। ड्रोन सर्विलांस और ट्रैकिंग तकनीक की मदद से सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे जेरूसलम की एक उच्च सुरक्षा जेल में भेजा गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ जारी है।
इस घटना ने इजराइल में राजनीतिक हलचल भी मचा दी है। विपक्षी दलों ने इसे सेना की “सिस्टम फेल्योर” बताते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है। वहीं, सेना ने बयान जारी कर कहा कि जो भी व्यक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
माना जा रहा है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बनेगा, क्योंकि इजराइल की खुफिया नीतियां हमेशा से दुनिया भर में गुप्तता और सुरक्षा के लिए जानी जाती रही हैं। अब इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आधुनिक तकनीक और आंतरिक अनुशासन के बावजूद भी गोपनीय जानकारियों की सुरक्षा पूरी तरह संभव है?



