पुतिन के सामने रूस की ड्रोन ताकत का प्रदर्शन, 600 से ज्यादा ड्रोन शामिल

रूस के Center-2026 सैन्य अभ्यास के दौरान ड्रोन तकनीक और मानवरहित प्रणालियों का बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया गया। रूसी रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव के अनुसार, अभ्यास के दौरान 600 से अधिक मानवरहित हवाई वाहन (UAV) और 60 से ज्यादा मानवरहित ग्राउंड सिस्टम शामिल थे।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2 अक्टूबर को चेल्याबिंस्क क्षेत्र के चेबारकुल्स्की प्रशिक्षण मैदान में अभ्यास के अंतिम चरण को देखा। पूरे Center-2026 अभ्यास में करीब 47 हजार सैनिकों ने 11 प्रशिक्षण क्षेत्रों और कैस्पियन सागर क्षेत्र में हिस्सा लिया।
अभ्यास के दौरान पुतिन ने नए जेट इंजन वाले Geran ड्रोन समेत कई हथियार प्रणालियों का निरीक्षण भी किया। रूस इन अभ्यासों में यूक्रेन युद्ध से मिले सैन्य अनुभवों को प्रशिक्षण में शामिल कर रहा है।
Center-2026 में रूस के अलावा चीन, बेलारूस, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, मंगोलिया और पाकिस्तान के सैन्य दलों ने हिस्सा लिया, जबकि कई देशों के प्रतिनिधि पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।



