इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर प्रतिबंध, विदेशी छात्रों की 30% सीमा तय

इटली की संसद ने स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर प्रतिबंध लगाने वाले नए शिक्षा कानून को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार द्वारा लाए गए इस कानून को 26 नवंबर 2026 को निचले सदन में अंतिम मंजूरी मिली। इससे पहले इसे सीनेट की स्वीकृति मिल चुकी थी। नए नियमों के तहत स्कूलों में ऐसे कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी, जिनसे किसी छात्र या छात्रा का चेहरा पहचानना मुश्किल हो। इसमें बुर्का और नकाब शामिल हैं, जबकि हिजाब पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
इस कानून में विदेशी मूल के छात्रों को लेकर भी प्रावधान किया गया है। इसके तहत पहली कक्षाओं में ऐसे विदेशी छात्रों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित रखने की व्यवस्था है, जिन्हें इतालवी भाषा का पर्याप्त ज्ञान नहीं है। हालांकि, इतालवी भाषा में अच्छी दक्षता रखने वाले विदेशी मूल के छात्रों को इस सीमा से छूट मिलेगी। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य कक्षाओं में भाषा संबंधी बाधाओं को कम करना और छात्रों के बेहतर एकीकरण को बढ़ावा देना है।
नए कानून में विदेशी छात्रों के उन अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा की कक्षाओं का भी प्रावधान है, जिनके बच्चों को स्कूल में घुलने-मिलने और पढ़ाई करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विपक्षी दलों ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे भेदभावपूर्ण बताया है। संसद में मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने ‘स्कूल में कोई विदेशी नहीं होता’ लिखे पोस्टर भी दिखाए। इस मुद्दे पर इटली में धार्मिक स्वतंत्रता, समान शिक्षा और सामाजिक एकीकरण को लेकर बहस तेज हो गई है।



