उत्तर प्रदेश

दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सोमवार दोपहर 12 बजे तक अयोध्या पहुंचेंगे, पहले करेंगे दर्शन पूजन

अयोध्या,1 नवम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या का दौरा करेंगे। वह दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का ग्राउंड जीरो पर जायजा लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन करेंगे। साथ ही साकेत महाविद्यालय, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण भी करेंगे। इसके अलावा वह अधिकारियों के साथ दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।
दीपोत्सव के मुख्य अतिथियों और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। सीएम योगी के दोपहर 12 बजे तक पहुंचने का अनुमान है। सीएम के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कार्यक्रम स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश से तैयारियों पर थोड़ा प्रभाव पड़ा था, लेकिन पहले से चल रही तैयारियों के कारण कोई बड़ी समस्या नहीं आई है। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय से चल रही हैं। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।

इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट डायवर्जन प्लान तैयार
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दीपोत्सव क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। पूरे आयोजन क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। येलो जोन कंट्रोल रूम के साथ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी बनाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जनपदीय पुलिस के अलावा रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया गया है। स्पेशल सिक्योरिटी एजेंसियों की भी तैनाती की गई है, ताकि दीपोत्सव और मुख्यमंत्री का वीआईपी दौरा सकुशल संपन्न हो सके। प्रशासन का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और सीएम के निरीक्षण से तैयारियों को और मजबूती मिलेगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button