उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

मलिहाबाद में रहस्यमयी मौतों का कहर, तीन दिन में एक ही परिवार के 3 बच्चों ने तोड़ा दम, गांव में दहशत

मलिहाबाद थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव में तीन दिन के भीतर एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। पहले दो बेटों और फिर तीसरे दिन बेटी की मौत हो गई। तीन बच्चों की मौत लगभग एक ही समय पर होने और मुंह व नाक से खून निकलने की बात सामने आने पर इलाके में दहशत है। बेटी की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि,परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

ग्राम खड़सरा गांव निवासी आशीष ने बताया कि उनके दो बेटे और एक पुत्री थी। पुत्री लक्ष्मी व पुत्र कार्तिक गाँव के प्राथमिक स्कूल में कक्षा 2 वा 1 में पढ़ते थे। 9 तारीख को सबसे छोटे पुत्र दिव्यांश (3) को हल्का बुखार आया। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे उसकी मौत हो गई। दिव्यांश के अंतिम संस्कार के बाद परिवार के लोग घर लौटे तो दूसरे पुत्र कार्तिक (7) की तबीयत बिगड़ गई। अगले दिन 10 तारीख को दोपहर करीब दो बजे कार्तिक ने भी दम तोड़ दिया। दोनों बेटों के अंतिम संस्कार के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ उस समय फिर टूट पड़ा जब बड़ी पुत्री लक्ष्मी (10)की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए,जहां एक दिन तक उपचार चलने के बाद दोपहर करीब दो बजे उसकी भी मौत हो गई। लगातार तीन दिनों तक एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। तीनों बच्चों की मौत लगभग एक ही समय पर होने और मुंह व नाक से खून निकलने की बात सामने आने पर पिता आशीष ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीएचसी अधीक्षक ने भेजी स्वास्थ विभाग की टीम

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक धनंजय कुशवाहा ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा चार सदस्यीय टीम गांव भेजी गई थी। परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी लेने पर किसी गंभीर बीमारी के स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इस संबंध में थाना प्रभारी सुरेंद्र भाटी ने बताया कि मौके का निरक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जानकारी होगी कि मृत्यु का क्या कारण रहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button