
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार इस वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को सशक्त बनाने का उनका संकल्प अडिग है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद और राज्य विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। इस दौरान कई महिलाओं ने पत्र लिखकर और मुलाकातों के जरिए इस मांग को उनके सामने रखा है।
पीएम मोदी का यह बयान केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से महिला आरक्षण को लागू करने से जुड़े नए विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने के एक दिन बाद आया है। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन से जुड़ा प्रस्ताव शामिल हैं। नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने की बात कही गई है, ताकि महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दल देश की महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से नहीं रोक पाएंगे। अब इस मुद्दे पर संसद के आगामी विशेष सत्र में चर्चा और विधायी प्रक्रिया अहम होगी। प्रस्तावों को कैबिनेट की मंजूरी मिलना कानून बनने की अंतिम प्रक्रिया नहीं है; इसके लिए संसद की मंजूरी और निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।



