विदेश

इमरान खान के इस्लामाबाद मार्च में हिंसा, मेट्रो स्टेशन फूंका, दस की मौत

  • कराची तक पहुंची हिंसा, कई जवान भी हुए घायल, इस्लामाबाद व रावलपिंडी के शैक्षिक संस्थान बंद

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में जल्दी चुनाव की मांग को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के आह्वान पर निकाले गए इस्लामाबाद मार्च के दौरान गुरुवार को जोरदार हिंसा भड़क उठी। इस दौरान एक मेट्रो स्टेशन फूंक दिया गया और सुरक्षा बलों के साथ टकराव में दस लोगों की मौत हो गयी। कई जवानों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पाकिस्तान सरकार को जल्द चुनाव की घोषणा करने के लिए छह दिन का अल्टीमेटम देते हुए बुधवार को इस्लामाबाद मार्च का ऐलान किया था। पहले पाकिस्तान सरकार ने इस पर रोक लगा दी थी, किन्तु पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने न सिर्फ रैली की अनुमति देकर आजादी मार्च के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने, बल्कि इमरान की गिरफ्तारी पर भी रोक लगा दी थी।

इसके बावजूद इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान पुलिस व पीटीआई कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हो गयी। गुस्साए लोगों ने इस्लामाबाद का मेट्रो स्टेशन फूंक दिया। हिंसा इस कदर बढ़ी कि दस लोगों को जान गंवानी पड़ी। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में सेना तैनात कर दी है। इसके बावजूद हिंसा नहीं थमी। इस्लामाबाद के डी-चौक पर रात ढाई बजे गोलीबारी की गयी। इसके बाद रावलपिंडी व इस्लामाबाद में शैक्षिक संस्थान बंद कर दिये गए हैं। मुख्य मार्गों पर यातायात भी रोक दिया गया है।

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने दावा किया कि उनकी पार्टी के पांच प्रदर्शनकारी सुरक्षा बलों के साथ झड़पों में मारे गए। एक प्रदर्शनकारी आंसू गैस के गोले के बीच अटककर पुल से गिर गया और दूसरा रावी नदी में धकेल दिया गया। उन्होंने कराची तक हिंसा पहुंचने का दावा किया और कहा कि कराची में भी उनकी पार्टी के तीन कार्यकर्ता मारे गए हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button