उत्तर प्रदेशलखनऊ

एकेटीयू के छात्र बना रहे अंगुलियों के इशारे पर काम करने वाला रोबोट, दिव्यांगों को होगा ज्यादा फायदा

लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय तकनीकी के क्षेत्र में नीत नये प्रयोग कर रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय स्थित सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज में कंट्रोलिंग मल्टीपल रोबोट यूजिंग हैंड जेस्चर बनाया जा रहा है। इसमें दोनों हाथों की अंगुलियों से रोबोट को निर्देश दिया जा सकेगा। रोबोट न केवल अंगुलियों के इशारे पर मूव करेंगे, बल्कि विभिन्न कामों को भी अंजाम देंगे। इस तकनीक का सबसे ज्यादा फायदा दिव्यांगों को होगा। फिलहाल इस तकनीक का शोध पत्र प्रकाशित होने वाला है।

दाहिने हाथ से चयन, बायें से निर्देश

सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुज शर्मा के नेतृत्व में पीएचडी स्कॉलर अभिषेक कौशल, एमटेक छात्र आनंद यादव और सूरज चौरसिया व बीटेक छात्र कृष्णा गुप्ता ने इस तकनीक पर काम किया है। डॉ. अनुज शर्मा ने बताया कि यह तकनीक कंप्यूटर विजन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार की गयी है। इसमें दाहिने हाथ की अंगुलियों से यदि एक से अधिक रोबोट रहेंगे तो उन्हें चयनित किया जाएगा। मसलन, अंगूठे पर जिस रोबोट की जानकारी दर्ज रहेगी, वह ऑन हो जाएगा। इसी तरह अन्य अंगुलियों पर भी रोबोट काम करेंगे। वहीं, बायें हाथ की अंगुलियों से रोबोट को दिशा निर्देश दिया जा सकेगा। डॉ. अनुज शर्मा ने बताया कि डेस्कटॉप या लैपटॉप के स्क्रीन पर अंगुलियों के इशारे से रोबोट को दिशा निर्देश दिया जा सकता है। रोबोट कंप्यूटर से कनेक्ट रहेंगे।

दिव्यांगों और बुजुर्गों को होगी सुविधा

कंट्रोलिंग मल्टीपल रोबोट यूजिंग हैंड जेस्चर तकनीकी से सबसे ज्यादा फायदा दिव्यांगों और बुजुर्गों को होगी। घर में अकेले रहने वाले दिव्यांगों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। चलने-फिरने में असमर्थ होने की वजह से उन्हें कोई सामान लेने में परेशानी होती है। ऐसे में रोबोट उनके हाथों के इशारे से कमरे में काम संपादित करेंगे।

पंखे एसी और लाइट भी अंगुली से होगी कंट्रोल

रोबोट के अलावा जल्द ही घर में लगे एसी, पंखे, लाइट और टीबी को भी स्विच या रिमोट की बजाय हाथों से दिशा निर्देश दिया जा सकेगा। पीएचडी स्कॉलर अभिषेक कौशल ने बताया कि बल्ब की रोशनी कम-ज्यादा करने से लेकर टीबी का वॉल्यूम बढ़ाने-घटाने और पंखा-एसी कम और तेज करने का काम भी हाथों की अंगुलियों से आने वाले दिनों में किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इस पर भी काम कर रहे हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button