स्कूल का दबाव और टीनएज माइंड: वो 5 बातें जो बच्चों को अंदर से तोड़ देती हैं

मम्मी-पापा, काश आप समझ पाते…” यह वाक्य आज के कई टीनेजर्स के मन की आवाज़ है। स्कूल का स्ट्रेस अब सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक दबाव का रूप ले चुका है। अच्छे नंबर लाने की उम्मीद, टीचर्स की अपेक्षाएं और पैरेंट्स की तुलना बच्चों को भीतर ही भीतर परेशान कर देती हैं। टीनएज वह उम्र होती है जब बच्चा खुद को समझने की कोशिश कर रहा होता है, ऐसे में स्कूल से जुड़ा तनाव उसे और उलझा देता है।
पहली बड़ी परेशानी है अकादमिक प्रेशर। हर समय अच्छे मार्क्स, रैंक और परफॉर्मेंस का दबाव बच्चों को डर में जीने पर मजबूर कर देता है। फेल होने या दूसरों से पीछे रह जाने का डर उनकी नींद, भूख और आत्मविश्वास को प्रभावित करता है।
दूसरी समस्या है पैरेंट्स की उम्मीदें और तुलना। “देखो शर्मा जी का बेटा कितना अच्छा है” जैसे वाक्य बच्चों के मन में हीन भावना पैदा करते हैं। कई टीनेजर्स यह महसूस करते हैं कि उन्हें वैसे नहीं बल्कि बेहतर बनना है, जिससे वे खुद को कभी पर्याप्त नहीं समझ पाते।
तीसरी परेशानी है पीयर प्रेशर। दोस्तों के बीच फिट होने की चाह, सोशल मीडिया पर परफेक्ट दिखने का दबाव और ट्रेंड्स को फॉलो करने की मजबूरी बच्चों को मानसिक तनाव में डाल देती है। कई बार वे अपने मन के खिलाफ फैसले लेने लगते हैं।
चौथी अहम समस्या है टीचर्स या स्कूल का अनुशासनात्मक दबाव। हर बच्चे की सीखने की गति अलग होती है, लेकिन स्कूल सिस्टम अक्सर सभी से एक जैसा प्रदर्शन चाहता है। डांट, सज़ा या पब्लिकली शर्मिंदा किया जाना बच्चों के मन में डर और चुप्पी पैदा करता है।
पांचवीं और सबसे अनदेखी परेशानी है अपनी भावनाएं न कह पाना। टीनेजर्स चाहते हैं कि उनके माता-पिता उन्हें जज किए बिना सुनें, लेकिन अक्सर उन्हें “ड्रामा” या “बहाने” कहकर टाल दिया जाता है। इससे बच्चे खुद को अकेला और गलत समझने लगते हैं।
जरूरत इस बात की है कि मम्मी-पापा बच्चों के नंबरों से पहले उनके मन को समझें। जब बच्चे कहते हैं “काश आप समझ पाते”, तो असल में वे सहारे, भरोसे और प्यार की मांग कर रहे होते हैं।



