भारत की सौर शक्ति का दुनिया में डंका, PM मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में ‘द फ्यूचर ऑफ एनवायरनमेंट एंड क्लाइमेट डायनेमिक्स’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) का मोबाइल ऐप लॉन्च किया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी भारत की पहलों पर बात की।
पीएम मोदी ने भारत की सौर ऊर्जा क्षमता में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 12 साल पहले देश की सौर ऊर्जा क्षमता 2 गीगावाट थी, जो अब 160 गीगावाट से अधिक हो चुकी है। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का भी जिक्र किया और बताया कि इसके तहत 50 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपने सांस्कृतिक और पर्यावरणीय अनुभवों के आधार पर आधुनिक जलवायु चुनौतियों के समाधान पेश कर रहा है। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा पर देश के फोकस और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कार्बन उत्सर्जन को लेकर विकासशील देशों की जिम्मेदारी पर भी बात की। पीएम मोदी के अनुसार, भारत का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन वैश्विक औसत के आधे से भी कम है, जबकि उन्होंने विकसित देशों में यह स्तर भारत की तुलना में अधिक होने की बात कही।
सम्मेलन के दौरान पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी भारत की नॉन-फॉसिल ऊर्जा क्षमता और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की प्रगति का उल्लेख किया। PIB के अनुसार, सम्मेलन 19 और 20 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 17 देशों के न्यायिक प्रतिनिधियों और पर्यावरण विशेषज्ञों समेत विभिन्न हितधारकों की भागीदारी है।



