9 साल की बच्ची के पेट से निकला 1 किलो बालों का गुच्छा

केरल के तिरुवनंतपुरम में एक 9 साल की बच्ची का दुर्लभ मेडिकल केस सामने आया है। बच्ची को लगातार पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उसकी आंतों में गंभीर रुकावट का पता चला।
अल्ट्रासाउंड और CT स्कैन के बाद एंडोस्कोपी की गई, जिसमें पेट और छोटी आंत में बड़ी मात्रा में बाल जमा होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने इसे रैपुन्जेल सिंड्रोम से जुड़ा मामला बताया। इस स्थिति में बालों का गुच्छा पेट से आगे बढ़कर छोटी आंत तक फैल सकता है।
इसके बाद NIMS Medicity में डॉक्टरों की टीम ने जटिल सर्जरी के जरिए करीब 1 किलोग्राम वजन का बालों का गुच्छा पूरी तरह निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद बच्ची ने सामान्य रूप से खाना शुरू किया और ठीक होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
क्या है रैपुन्जेल सिंड्रोम?
रैपुन्जेल सिंड्रोम एक बेहद दुर्लभ स्थिति है, जिसमें निगले गए बाल पेट में जमा होकर ट्राइकोबेज़ार यानी बालों का ठोस गुच्छा बना सकते हैं। जब यह गुच्छा पेट से निकलकर छोटी आंत तक फैल जाता है, तो इसे रैपुन्जेल सिंड्रोम कहा जाता है। बाल शरीर में आसानी से पचते नहीं हैं और लंबे समय तक जमा होकर आंत में रुकावट पैदा कर सकते हैं।
अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्लभ स्थिति के दुनिया भर में 100 से भी कम मामले रिपोर्ट हुए हैं। हालांकि, ऐसे लक्षणों के पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं, इसलिए लगातार पेट दर्द, उल्टी या खाना पचने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय जांच जरूरी है।



