देश

उम्मीद है कि कांग्रेस कर्नाटक की जनता से किए गये वादे पूरे करेगी: ओवैसी

हैदराबाद। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव से पहले जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेगी। ओवैसी ने कहा, ‘‘कर्नाटक की जनता ने फैसला किया…(उन्होंने) कांग्रेस को सत्ता दी। हम उनसे (कांग्रेस) लोगों से किए गए वादों को पूरा करने की उम्मीद करते हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में एआईएमआईएम को मजबूत करने का काम जारी रहेगा।’’ कर्नाटक चुनाव के नतीजों पर उन्होंने कहा, ‘‘हम वहां सफल नहीं हुए। हम कड़ी मेहनत करेंगे।

हम (चुनाव परिणाम से) निराश नहीं होंगे।’’ उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में सत्ता में आने के पहले दिन ‘पांच गारंटी’ लागू करने का वादा किया है। इन वादों में सभी घरों (गृह ज्योति) को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, हर परिवार की महिला मुखिया (गृह लक्ष्मी) को 2,000 रुपये मासिक सहायता, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवार (अन्न भाग्य) के प्रत्येक सदस्य को 10 किलोग्राम चावल मुफ्त, बेरोजगार स्नातक युवाओं के लिए हर महीने 3,000 रुपये और बेरोजगार डिप्लोमा धारकों (दोनों 18-25 आयु वर्ग में) को दो साल के लिए 1,500 रुपये (युवा निधि) और सार्वजनिक परिवहन बसों (शक्ति) में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा शामिल हैं। राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल करते हुए 135 सीट जीतीं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीट जीतीं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button