दिल्ली एयरपोर्ट पर 10 मिलिट्री-ग्रेड ड्रोन जब्त

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर कस्टम्स ने खुफिया जानकारी के आधार पर तीन भारतीय यात्रियों को रोका। सामान की विस्तृत जांच में Autel Robotics MDX-1 के 10 ड्रोन और उनके एक्सेसरीज बरामद हुए। अधिकारियों के अनुसार, जब्त सामान की अनुमानित बाजार कीमत 1.03 करोड़ रुपये से अधिक है। यात्रियों को ग्रीन चैनल पार करते समय रोका गया था।
कस्टम्स के अनुसार, बरामद ड्रोन में थर्मल इमेजिंग कैमरे और लेजर रेंजफाइंडर लगे हैं। इन तकनीकों का इस्तेमाल विशेष निगरानी, निरीक्षण और दूरी मापने जैसे कार्यों में किया जा सकता है। एक चार्टर्ड इंजीनियर के आकलन में उपकरणों को मिलिट्री या डिफेंस-ग्रेड UAV के तौर पर वर्गीकृत किया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन ड्रोन का वास्तविक इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
मामले में कस्टम्स ने ड्रोन और अन्य सामान को कस्टम्स एक्ट की धारा 110(1) के तहत जब्त किया है। यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसियां ड्रोन के तकनीकी विवरण, दस्तावेज, आयात स्थिति और उनके संभावित इस्तेमाल की जांच कर रही हैं।



