उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

सीएम योगी के निर्देशों के अनुरूप त्योहारों में उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए प्रदेशव्यापी अभियान तेज

घटतौली और एमआरपी से अधिक वसूली पर सख्ती, विधिक माप विज्ञान विभाग की टीमें बाजारों में कर रहीं औचक जांच

लखनऊ, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और बाजार में पारदर्शी व्यापारिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश में घटतौली, पैकेज्ड वस्तुओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से ज्यादा वसूली और माप-तौल संबंधी अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग का विशेष जांच अभियान तेज कर दिया गया है।

26 अक्टूबर 2026 से शुरू हुआ यह सघन अभियान प्रथम चरण में 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 2 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक दूसरे चरण में प्रदेशव्यापी जांच की जाएगी। अभियान का उद्देश्य त्योहारों पर बढ़ी खरीदारी के बीच उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति सुरक्षित रखना और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

नियंत्रक विधिक माप विज्ञान अमनदीप डुली के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जनपदों में विभागीय टीमें सक्रिय हैं। उपनियंत्रक, सहायक नियंत्रक, वरिष्ठ निरीक्षक और निरीक्षक नियमित जांच के साथ बाजारों में औचक निरीक्षण भी कर रहे हैं, ताकि त्योहारों की भीड़ का लाभ उठाकर उपभोक्ताओं से अनुचित वसूली करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

छह प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

अभियान के तहत त्योहारों में अधिक मांग वाले छह प्रमुख क्षेत्रों को जांच के दायरे में रखा गया है।

मिठाई और गिफ्ट पैक: मिठाई के साथ डिब्बे का वजन जोड़कर ग्राहकों से अधिक कीमत वसूलने जैसी घटतौली की जांच की जा रही है। गिफ्ट हैंपर पर अंकित घोषणाओं का भी सत्यापन किया जा रहा है।

एलपीजी सिलेंडर: घरेलू और वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों में गैस की वास्तविक मात्रा की जांच की जा रही है, ताकि निर्धारित मात्रा से कम गैस की आपूर्ति जैसी अनियमितताओं को रोका जा सके।

खाद्य तेल और घी: पैकेज्ड खाद्य तेल, घी के पैकेटों और टिनों पर घोषित शुद्ध मात्रा तथा अंकित मूल्य का सत्यापन किया जा रहा है।

आटा, मैदा और सूजी: पैकेटों एवं बोरों पर घोषित वजन के अनुरूप वास्तविक मात्रा सुनिश्चित करने के लिए जांच की जा रही है।

ज्वैलर्स प्रतिष्ठान: सराफा बाजारों में आभूषणों की तौल के लिए इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक तराजुओं और अन्य माप-तौल उपकरणों के सत्यापन तथा सील की पड़ताल की जा रही है।

पेंट प्रतिष्ठान: घरों की सजावट और पुताई में इस्तेमाल होने वाले पेंट के डिब्बों पर घोषित मात्रा और मूल्य की जांच की जा रही है।

त्योहारों में उपभोक्ता हितों की सुरक्षा प्राथमिकता

उत्तर प्रदेश सरकार का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को खरीदारी में किसी प्रकार की धोखाधड़ी, घटतौली या अनुचित मूल्य वसूली का सामना न करना पड़े। विधिक माप विज्ञान विभाग का यह अभियान बाजार में निष्पक्ष व्यापारिक व्यवहार को बढ़ावा देने, उपभोक्ता विश्वास मजबूत करने और निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विभागीय टीमें अभियान के दौरान माप-तौल उपकरणों, पैकेज्ड वस्तुओं पर अनिवार्य घोषणाओं, घोषित मात्रा और मूल्य से संबंधित नियमों की जांच कर रही हैं। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा है कि प्रदेशवासी त्योहारों को विश्वास, पारदर्शिता और सुरक्षित खरीदारी के माहौल में मना सकें।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button