उत्तर प्रदेश

‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे, लखनऊ के 1090 चौराहे पर दिखी यूपी की विकास यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साप्ताहिक संवाद पहल ‘योगी की पाती’ ने 50 सप्ताह का सफर पूरा कर लिया है। इस अवसर पर सोमवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन किया। प्रदर्शनी के जरिए मुख्यमंत्री के साप्ताहिक संदेशों के साथ उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सामाजिक सरोकारों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।

50 संस्करणों में संजोए गए जनसंवाद के संदेश

‘योगी की पाती’ के माध्यम से मुख्यमंत्री प्रत्येक सप्ताह प्रदेशवासियों से संवाद करते रहे हैं। इन पत्रों में सरकार की प्राथमिकताओं, विकास योजनाओं और आम लोगों के जीवन से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया। किसान, युवा, महिलाएं, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार जैसे विषय इस संवाद श्रृंखला का हिस्सा रहे हैं।

1090 चौराहे पर लगी प्रदर्शनी में ‘योगी की पाती’ के अब तक प्रकाशित सभी 50 संस्करणों को क्रमबद्ध और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। आगंतुक इनके माध्यम से पिछले एक वर्ष के संदेशों और प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों को देख सकते हैं।

ओडीओपी और ओडीओसी के स्टॉल बने आकर्षण

प्रदर्शनी में ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) और ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) के विशेष स्टॉल भी लगाए गए। यहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। इन स्टॉलों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय पहचान, पारंपरिक कारीगरी और खानपान की विविधता को सामने लाने का प्रयास किया गया।

युवाओं से संवाद और प्रतियोगिताओं का आयोजन

कार्यक्रम में ‘रंग दे बसंती, उत्तर प्रदेश’ की टीम ने युवाओं के साथ संवाद किया। उन्हें प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और युवा हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ओडीओपी योजना के उत्पाद पुरस्कार के रूप में दिए गए।

सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की अपील की। कार्यक्रम में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ ने भी युवाओं से किया संवाद

प्रदर्शनी में ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ की टीम ने युवाओं को प्रदेश में हुए विकास कार्यों, विभिन्न क्षेत्रों में आए बदलावों और सरकार के विजन की जानकारी दी। यह पहल युवाओं की सामाजिक भागीदारी और जनसंवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जाती है।

संवाद के जरिए जनता से जुड़ने की पहल

‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर आयोजित प्रदर्शनी को मुख्यमंत्री और प्रदेशवासियों के बीच संवाद यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसमें सरकार की योजनाओं के साथ प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान को भी जगह दी गई। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को इस साप्ताहिक पहल के अब तक के सफर से परिचित कराया जा रहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button