अयोध्याउत्तर प्रदेश

अयोध्या में अमृत महोत्सव में पहुंचीं ‘ड्रीम गर्ल’, रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका में निभाया माता सीता का किरदार

अयोध्या : जिले की बड़ी छावनी परिसर में चल रहे जगतगुरु रामभद्राचार्य के 75वें जन्मदिवस पर आयोजित अमृत महोत्सव में शामिल होने मथुरा से भाजपा सांसद और मशहूर फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी रामनगरी अयोध्या पहुंचीं. हेमा मालिनी जगद्गुरु रामभद्राचार्य के आमंत्रण पर अयोध्या पहुंची थीं, जहां पर उन्होंने सांस्कृतिक मंच पर आयोजित रामायण नृत्य नाटिका में मां सीता का अभिनय करते हुए नृत्य नाटिका के माध्यम से समां बांध दिया. हेमा मालिनी की प्रस्तुति देखकर पंडाल में मौजूद हजारों लोगों की भीड़ तालियां बजाने पर मजबूर हो गईं, वहीं साधु संतों ने भी हेमा मालिनी के इस प्रस्तुति को सराहा.

भाव विभोर कर गई हेमा मालिनी की प्रस्तुति : करीब 20 मिनट की इस नृत्य नाटिका में हेमा मालिनी ने माता सीता का रूप धरकर मां दुर्गा की आराधना करने की नृत्य नाटिका प्रस्तुत की. इसमें उनके साथ अन्य साथी कलाकार भी मौजूद रहे. मंच पर हेमा मालिनी की प्रस्तुति देखकर तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरु रामभद्राचार्य बेहद प्रसन्न हुए. उन्होंने खुले हुए मंच से फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी को सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद दिया और अपने अगले अमृत महोत्सव में प्रयाग में उन्हें आमंत्रित भी किया है.

इस दौरान जगतगुरु ने हेमा मालिनी की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह का प्रदर्शन उन्होंने किया है, निश्चित रूप से उनके अंदर माता सीता का अंश व्याप्त है. हेमा मालिनी मेरी बहन की तरह हैं, एक भाई के बुलाने पर आज वह यहां पर आई हैं. मैं उन्हें बधाई देता हूं. आपको बता दें कि जगतगुरु रामभद्राचार्य के 75वें जन्मदिवस पर आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम में देश के कई बड़े सेलिब्रिटी पहुंच चुके हैं. जिसमें बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, मालिनी अवस्थी, प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर सहित कई नामचीन चेहरे इस आयोजन में पहुंच चुके हैं और 22 जनवरी तक कई और बड़े नाम शामिल होना बाकी है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button