उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

प्रतापगढ़ में अखिलेश यादव का स्वागत करने पहुंचे पूर्व विधायक की तबीयत बिगड़ी, हार्ट अटैक से मौत

प्रतापगढ़ः उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ (Pratapgarh) जनपद से एक दुखद घटना सामने आई है. यहां समाजवादी पार्टी द्वारा दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है. इस कार्यक्रम में बुधवार को अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव का स्वागत करने पहुंचे पूर्व विधायक श्याद अली की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें इलाज के लिए प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पूर्व विधायक की मौत की सूचना पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई.


समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के मुताबिक रानीगंज विधानसभा के पूर्व विधायक श्याद अली प्रतापगढ़ पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अखिलेश यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे. इस दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. सपा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के अनुसार हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है. घटना पर अखिलेश यादव ने दुख जताया है. समाजवादी पार्टी ने अपने ऑफिशियल एक्स प्लेटफार्म पर लिखा है कि “पूर्व विधायक, प्रतापगढ़ निवासी जनाब श्याद अली जी का इंतकाल, अत्यंत दुःखद. उनकी आत्मा को शांति दें भगवान. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं. भावभीनी श्रद्धांजलि !” बता दें कि वह बेलखनाथधाम ब्लॉक के चौखड़ा गांव के निवासी थे. लेकिन वह शहर स्थित अचलपुर मोहल्ले में अपने मकान में परिवार के साथ रहते थे.

गौरतलब है अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव अपने दो दिवसीय दौरे पर प्रतापगढ़ पहुंचे हैं. यहां प्रतापगढ़ राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा एक कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है. इस कार्यकर्ता शिविर में अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव हिस्सा लेने पहुंचे हैं. गुरुवार को प्रशिक्षण शिविर के समापन पर अखिलेश यादव एक जन सभा को भी संबोधित करेंगे.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button