सांसद के आदर्श ग्राम में लगा गंदगी का अंबार

सरोजनीनगर। स्वच्छ भारत अभियान का सरकारों की ओर से चाहे जितना प्रचार प्रसार किया गया हो। करोड़ों रुपए के खर्चे का प्रावधान बनाया गया हो। गांव, मोहल्लों, शहर कस्बों से लेकर हर जगह सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है जिनके ऊपर सरकार हर माह करोड़ों रुपए भी खर्च करती है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में जिम्मेदारों के बेपरवाह रवैये के चलते जगह-जगह कूड़े के अंबार देखने को मिल जाते हैं। गांव में आज भी नालियां गंदे पानी से भरी हुई बजबजाया करती हैं साथ ही नालियों के पानी से जगह-जगह जलभराव जैसी स्थिति भी बनी रहती है जिसके कारण गांव में तमाम संक्रामक बीमारियां भी समय-समय पर फैला करती हैं।
कुछ ऐसा ही हाल सरोजिनी नगर क्षेत्र में पूर्व गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा सांसद आदर्श ग्राम के तहत गोद लिए गए हरौनी गांव के देखने को मिल रहे हैं। यहां पर गांव के मजरे शिवदीन खेड़ा में गांव के बाहर कूड़े के ढेर खुलेआम देखे जा सकते हैं वहीं गांव के अंदर नालिया गंदे पानी से बजबजा रही हैं गांव निवासी नारायण कुमार शुक्ला ने बताया कि यहां पर कभी भी सफाई कर्मी नहीं आते उन्होंने सफाई को लेकर कई बार अधिकारियों से कहा लेकिन अधिकारियों के द्वारा आश्वासन के अलावा सफाई को लेकर अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया।
नारायण कुमार शुक्ला के अनुसार गांव में नालियों के साथ-साथ गांव के बाहर आने जाने वाले रास्तों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं जिसके कारण राहगीरों को भारी दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। गांव के समीप ही प्रसिद्ध झाड़ेश्वर महादेव मंदिर को जाने वाली सड़क पर भी कूड़े का ढेर लगा है जिसके बीच से दर्शनार्थि आने जाने को मजबूर हैं। एक ओर स्वच्छ भारत अभियान को लेकर सरकार हर तरह के कदम उठा रही है लेकिन जमीन पर जिम्मेदारों का रवैया सरकार के अभियान को पलीता लगाने का काम कर रहा है।



