उत्तर प्रदेशलखनऊ

उप्र के राजकीय और स्वशासी मेडिकल कॉलेज में हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम की होगी स्थापना

  • 22 मेडिकल कॉलेजों के लिए प्रस्ताव पर लगी मुहर, 36 संस्थानों में होगा क्रियान्वयन
  • नौ मेडिकल कॉलेजों में ई-हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम लागू, मरीजों की जानकारी होगी ऑनलाइन दर्ज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सभी अस्पतालों में जल्द ही हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉरमेशन सिस्टम प्रणाली को लागू किया जाएगा। इसके तहत यूपी के 36 राजकीय मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में इसका क्रियान्वयन किया जाना है। इस प्रणाली के जरिए मरीज की सारी जानकारी ऑनलाइन फीड कर डॉक्टर के कंप्यूटर तक पहुंचा दी जाएगी और जांच रिपोर्ट ऑनलाइन होने के बाद डॉक्टर अपने कंप्यूटर पर देख सकेंगे। प्रदेश के राजकीय मेडिकल कालेजों, राजकीय संस्थानों, स्वायत्तशासी संस्थानों, चिकित्सा विश्वविद्यालयों और स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों में पेपरलेस व्यवस्था को लेकर चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग की ओर से पूरी तैयार कर ली गई है।

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने सोमवार को यहां बताया कि प्रदेश सरकार ने पहले चरण में चिकित्सा शिक्षा के पुराने संस्थानों में लागू किया है। प्रदेश के 09 मेडिकल कॉलेज में ये प्रणाली लागू की जा चुकी है, जिसके तहत गोरखपुर, कानपुर, इलाहाबाद, झांसी, मेरठ और आगरा के मेडिकल कॉलेजों के साथ कानपुर में इसकी शुरुआत हो चुकी है। अब यूपी के 36 राजकीय मेडिकल कॉलेजों में ई-हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की तैयारी है। इस प्रणाली के लागू होने से जहां एक ओर अस्पतालों के प्रबंधन, नेतृत्व, नेटवर्क, कार्यप्रणाली और प्रशासन में सुधार होगा वहीं मरीजों को एक यूनीक आईडी नंबर मिलने से उनसे जुड़ी सारी जानकारी अस्पताल में दर्ज होगी। रोगियों के दुबारा अस्पताल आने पर केस हिस्ट्री और जानकारी अस्पताल में पहले से दर्ज होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी।

22 मेडिकल कॉलेजों के लिए प्रस्ताव पर लगी मुहर

प्रवक्ता ने बताया कि यूपी के 36 मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में से नौ में ई-हास्पिटल (एनआईसी) संचालित है, जिसमें मरीजों का पंजीकरण, बिलिंग, फार्मेसी का काम ऑनलाइन किया जा रहा है। विभाग की ओर से यूपी के 22 मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉरमेशन सिस्टम प्रणाली (एचएमआइएस) के लिए सी-डैक की ओर से तैयार प्रस्ताव पर शासन की मुहर लगने के बाद एमओयू हस्ताक्षरित किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अन्य पांच मेडिकल कॉलेजों व संस्थानों में भी हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉरमेशन सिस्टम प्रणाली (एचएमआइएस) के क्रियान्वयन के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जा रहा है।

सभी मेडिकल कॉलेजों में इस प्रणाली को किया जाएगा लागू

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों को हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉरमेशन सिस्टम प्रणाली (एचएमआइएस) से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही जल्द ही हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम सॉफ्टवेयर भी लागू करने की तैयारी है जिससे मेडिकल कॉलेजों में दवाओं की मौजूदगी और डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ व कर्मचारियों की हाजिरी की ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध कराएगा। मरीज के मोबाइल फोन पर भी यह सिस्टम रिपोर्ट भेज देगा। किसी खास मामले में सिस्टम के जरिए डॉक्टर भी किसी दूसरे मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह ले सकेंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button