विदेश

अमेरिका ने अपने नागरिकों को दी पाकिस्तान नहीं जाने की सलाह, जताई आतंकी हमलों की आशंका

वाशिंगटन। अमेरिका ने अपने नागरिकों को पाकिस्तान नहीं जाने की सलाह दी है। इस संबंध में यात्रा परामर्श जारी करते हुए अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान में आतंकी हमलों की आशंका जताई है। पूरी दुनिया में आतंकवाद को संरक्षण देने के लिए कुख्यात पाकिस्तान अब स्वयं आतंकी हमलों से डर रहा है। पाकिस्तान की सरकार द्वारा आतंकी हमले की आशंका जताने और सतर्कता बरतने के निर्देशों के बाद अब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भी अपने नागरिकों को पाकिस्तान नहीं जाने की सलाह दी है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी यात्रा परामर्श में अमेरिकी नागरिकों से पाकिस्तान और उसमें विशेषकर बलूचिस्तान और पूर्व संघ शासित कबायली क्षेत्र समेत खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों की यात्रा न करने को कहा गया है। यात्रा परामर्श में कहा गया है कि अमेरिकी नागरिक आतंकवाद और सांप्रदायिक हिंसा के कारण पाकिस्तान की यात्रा पर पुनर्विचार करें। कुछ इलाकों में खतरा बढ़ गया है। अमेरिकी विदेश मंंत्रालय द्वारा ऐसी चेतावनी तब जारी की जाती है, जब दीर्घकालिक या गंभीर स्थितियों के कारण यात्रियों की जान जोखिम में होती है। ऐसे में गैर-जरूरी यात्रा से बचना जरूरी समझा जाता है।

अमेरिका ने अपने नागरिकों को आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष की आशंका के कारण नियंत्रण रेखा के आसपास के क्षेत्रों में भी यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। परामर्श में साफ कहा है कि आतंकवादी बिना किसी चेतावनी के हमला कर सकते हैं। आतंकवादियों द्वारा परिवहन केंद्रों, बाजारों, सैन्य प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों, पर्यटन स्थलों, स्कूलों, अस्पतालों, पूजा स्थलों और सरकारी सुविधाओं को निशाना बनाने की बात कही गयी है। कहा गया है कि पहले भी आतंकवादी अमेरिकी राजनयिकों और राजनयिक प्रतिष्ठानों पर हमले कर चुके हैं, इसलिए अमेरिकी नागरिक पाकिस्तान की यात्रा न करें।

इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने भी पूरे देश के लिए आतंकी हमले की आशंका जताते हुए चेतावनी जारी की थी। पाकिस्तान सरकार द्वारा जारी की गयी चेतावनी में लोगों से सावधान रहने को कहा गया था। सरकार ने अधिकारियों को अत्यधिक सतर्कता बनाए रखने के आदेश भी जारी किए थे। पाकिस्तान सरकार द्वारा देश में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) द्वारा आतंकवादी हमलों को अंजाम देने की आशंका जताई गयी थी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button