विदेश

भारत ने श्रीलंका को सौंपा डोर्नियर समुद्री निगरानी विमान

  • समारोह में भारतीय नौसेना उपप्रमुख के साथ मौजूद रहे श्रीलंकाई राष्ट्रपति

कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच रिश्तों को और मजबूती प्रदान करते हुए भारत ने श्रीलंका को डोर्नियर समुद्री निगरानी विमान सौंप दिया है। सोमवार को इस बाबत आयोजित समारोह में भारतीय नौसेना के उपप्रमुख वाइस एडमिरल एसएन घोरमडे के साथ श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे भी मौजूद रहे।

कोलंबो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सटे कातुनायके में श्रीलंका वायु सेना के हवाई अड्डे पर आयोजित समारोह में वाइस एडमिरल एसएन घोरमडे ने कोलंबो में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले के साथ श्रीलंका की नौसेना को समुद्री निगरानी विमान सौंपा। वाइस एडमिरल घोरमडे दो दिन की श्रीलंका यात्रा पर गए हैं।

श्रीलंका की वायुसेना के प्रवक्ता कैप्टन दुशन विजयसिंघे ने कार्यक्रम में राष्ट्रपति विक्रमसिंघे की मौजूदगी की पुष्टि की। श्रीलंका के अधिकारियों ने बताया कि भारत और श्रीलंका के बीच नयी दिल्ली में 2018 में हुए रक्षा संवाद के दौरान श्रीलंका ने अपनी समुद्री निगरानी क्षमताएं बढ़ाने के लिए भारत से दो डोर्नियर टोही विमान हासिल करने की संभावनाओं पर बातचीत की थी।

इस विमान को श्रीलंका की वायु सेना के 15 सदस्य ही उड़ा पाएंगे, जिन्हें चार महीनों तक भारत में खासतौर से प्रशिक्षण दिया गया है। इस दल में पायलट, पर्यवेक्षक, इंजीनियरिंग अधिकारी और टेक्नीशियन शामिल हैं। श्रीलंका की वायु सेना से जुड़ा भारत सरकार का तकनीकी दल इसकी निगरानी करेगा। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने भारत की इस पहल के लिए धन्यवाद देते हुए इसे दोनों देशों की नौ सेनाओं के बीच नए रिश्तों की शुरुआत करार दिया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button