विदेश

पाकिस्तानी निर्वाचन आयोग ने पूर्व PM इमरान खान पर लिया कड़ा एक्शन, पार्टी ने लगाए आरोप

लाहौर: पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जोर का झटका दिया है। दरअसल, शनिवार को पंजाब प्रांत में नेशनल असेंबली की दो सीटों के लिए दाखिल उनके नामांकन पत्र खारिज कर दिये गए हैं। पाकिस्तान में 8 फरवरी को आम चुनाव के लिए मतदान होना है। वहीं इसे लेकर लाहौर में निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि ‘‘पाकिस्तान के निर्वाचन आयोग ने नेशनल असेंबली चुनाव के लिए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी के संस्थापक इमरान खान के नामांकन को लाहौर (एनए 122) और मियांवाली (एनए-89) से खारिज कर दिया है।’’

चुनाव आयोग ने बताया ये कारण

आयोग ने नामांकन खारिज करने का कारण तोशाखाना मामले में खान को दोषी ठहराया जाना और उनके नामांकन पत्र के प्रस्तावक और अनुमोदक का संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों का नहीं होना बताया है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि खान की सजा को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने स्थगित कर दिया है, लेकिन उन्हें अयोग्य करार देने का फैसला अब भी बरकरार है। पाकिस्तानी मीडियो के मुताबिक ‘‘पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के मियां नसीर द्वारा उठाई गई आपत्तियों में तोशाखाना मामले में खान की पांच साल की अयोग्यता का उल्लेख किया गया था, जिसमें चुनावी निकाय ने उन्हें भ्रष्ट आचरण का दोषी पाया था।’’

इन दो सीटों पर खारिज हुआ नामांकन पत्र

इमरान खान और उनकी पार्टी के वरिष्ठ सहयोगी व पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी 9 मई को हुई हिंसा के कई मामलों और गिरफ्तारियों का सामना कर रहे हैं। खान और कुरैशी दोनों रावलपिंडी की अडियाला जेल में कैद हैं। पाकिस्तानी मीडियो के मुताबिक निर्वाचन आयोग ने मुल्तान की दो सीटों (एनए-150 और पीपी-218) और थारपारकर की सीट (एनए-214) से कुरैशी के नामांकन पत्र को भी खारिज कर दिया है। पूर्व संघीय मंत्री और पीटीआई नेता हम्माद अजहर का नामांकन पत्र भी उनकी सीट (पीपी-172) से खारिज कर दिया गया है।

PTI ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

वहीं इस पूरे मामले को लेकर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने शनिवार को इसकी निंदा की। PTI के एक प्रवक्ता ने कहा कि ‘‘प्रस्तावकों और अनुमोदकों का अपहरण दुनिया के इस हिस्से में एक नई सामान्य बात है।’’ PTI के वर्तमान अध्यक्ष गौहर खान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि “आज, आम चुनाव (सामान्य सीट के लिए नामांकन पत्र की छंटनी) की दिशा में पहला कदम समाप्त हो रहा है। लेकिन देश भर में, सरकारी मशीनरी PTI के उम्मीदवारों के खिलाफ पूरी तरह से सक्रिय है, जिनके प्रस्तावकों और अनुमोदकों को खुले तौर पर परेशान किया जा रहा है, उन पर हमला किया जा रहा है और चुनाव अधिकारियों के कार्यालयों से वापस भेजा जा रहा है।”

(इनपुट: भाषा)

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button