विदेश
Thames River Whale Rescue: टेम्स में फंसीं 27 पायलट व्हेल, 6 घंटे में 25 को बचाया गया
यह घटना टेम्स नदी के Gravesend, Kent इलाके के पास सामने आई, जहां 18 सितंबर को पायलट व्हेल का झुंड देखा गया था। अधिकारियों ने लोगों और नावों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी, ताकि व्हेल घबराएं नहीं और इंसानों की सुरक्षा भी बनी रहे।
19 सितंबर को सुबह करीब 7 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। आठ नावों की मदद से विशेषज्ञों ने व्हेल के झुंड को धीरे-धीरे टेम्स के उथले और संकरे हिस्से से बाहर की ओर ले जाना शुरू किया। करीब छह घंटे में टीमों ने लगभग 20 नॉटिकल मील यानी 37 किलोमीटर की दूरी तय की।
रेस्क्यू अभियान के दौरान 25 पायलट व्हेल को सुरक्षित रूप से खुले समुद्र की दिशा में पहुंचाया गया। ऑपरेशन में अतिरिक्त समय इसलिए भी लगा क्योंकि झुंड में कुछ मां व्हेल और उनके बच्चे थे, जिन्हें बीच-बीच में आराम की जरूरत थी।
हालांकि इस अभियान के दौरान दो व्हेल की मौत भी हो गई। अधिकारियों के मुताबिक एक व्हेल अस्वस्थ हालत में किनारे पर पहुंची और बाद में उसकी मौत हो गई। दूसरी व्हेल भी किनारे पर फंसी थी और पानी में लौटने के बाद उसकी मौत होने की आशंका जताई गई। दोनों के पोस्टमार्टम के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ काम किया जा रहा है।
पोर्ट ऑफ लंदन अथॉरिटी के मुताबिक टेम्स व्हेल के लिए सामान्य पर्यावरण नहीं है, क्योंकि नदी के कुछ हिस्से उथले हैं और उनके लिए जरूरी भोजन भी उपलब्ध नहीं होता। अधिकारियों ने इस पूरे बचाव अभियान को असामान्य और चुनौतीपूर्ण बताया।