विदेश

अमेरिकी यूनिवर्सिटी में गोलीबारी में तीन की मौत, हमलावर ने खुद को भी मारी गोली

ईस्ट लांसिंग (अमेरिका)। अमेरिका के मिशीगन स्टेट विश्वविद्यालय में सोमवार रात को एक बंदूकधारी द्वारा की गई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हो गये। हमलावर ने बाद में खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने मंगलवार तड़के हमलावर के खुद को गोली मारने की खबर दी। उससे करीब चार घंटे पहले उसने अकादमिक भवन बर्के हॉल में और समीप के एमएसयू यूनियन में गोलीबारी की थी।

कैंपस पुलिस विभाग के अंतरिम उपप्रमुख क्रिस रोजमैन ने कहा, ‘‘ आज की रात हमारे लिए वाकई बुरी रही ।’’ विश्वविद्यालय में सैकड़ों अधिकारियों ने संदिग्ध की तलाश की थी। पुलिस के अनुसार संदिग्ध छोटे कद का अश्वेत था और उसने लाल रंग के जूते, जैकेट और टोपी पहन रखी थी। रोजमैन ने बताया कि फिलहाल हमलावर की मंशा का पता नहीं चल पाया है और यह भी पता नहीं चला है कि उसका विश्वविद्यालय से किसी भी प्रकार का संबध था या नहीं। उसका नाम भी नहीं बताया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ कई ऐसी बातें हैं जो हम फिलहाल नहीं जानते हैं।’’

उन्होंने बताया कि बर्के हॉल में दो व्यक्ति मारे गये जबकि एमएसयू यूनियन में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। स्पैरो अस्पताल के प्रवक्ता जॉन फोरेन ने कहा कि उनके पास घायलों की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। खबरिया चैनल डब्ल्यूडीआईवी-टीवी से जुड़े मौसम विज्ञानी किम एडैम्स ने विद्यार्थियों के बारे में कहा, ‘‘ वे अंधेरे कमरे में छिपे हुए थे और सारी लाइट बंद थीं।’’ उनकी बेटी इस विश्वविद्यालय की छात्रा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button