देश

फंदे से लटकता मिला JDU नेता के भाई का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आंशका

बिहार के मोतिहारी जिले के दरपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को 45 वर्षीय मिल मालिक सुजीत कुमार सिंह का शव बरामद किया है। शव गम्हरिया कला गांव स्थित चिरान मिल की गुमटी में कपड़े से बंधा लटका हुआ मिला जिसे देखने पर प्रथम दृष्टया हत्या कर लटकाया हुआ प्रतीत होता है। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राकेश कुमार राय ने इस घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को देते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के परिजन इसे खुदकुशी ना मानकर हत्या बता रहे हैं। उनका कहना है कि किसी दूसरी जगह हत्या की गई फिर शव को लाकर चिरान मिल के पास लटका दिया गया। बता दें कि मृतक जेडीयू नेता सुनील कुमार सिंह के छोटे भाई हैं।

लकड़ी की खरीदारी करने गए थे, वापस नहीं लौटे

वहीं मामले में मृतक के पुत्र बथूअहिया गांव निवासी सिद्धांत कुमार सिंह ने अपने पिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में बताया है कि उसके पिता गुरुवार को रक्सौल स्थित इस्लामपुर टोला पप्पू मियां के पास गए थे। वहां उनको चिरान मिल के लिए लकड़ी की खरीदारी करनी थी। देर शाम तक जब घर नहीं लौटे तो उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया लेकिन वह भी बंद बता रहा था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह चिरान के मुंशी के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उसने शीघ्र मिल में पहुंचने की बात कही। इसके बाद मिल में पहुंचने पर देखा गया कि सुजीत कुमार सिंह का शव गुमटी में लटका हुआ है।

JDU नेता ने क्या कहा?

मृतक के पुत्र ने आवेदन में खुलासा किया है कि कोटवा थाना अंतर्गत माधवपुर गांव निवासी नवनीत श्रीवास्तव के साथ पहले से ही लकड़ी का कारोबार होता था। इस दौरान उनकी बकाया राशि होने के वजह से वे कुछ भी करने की धमकी हमेशा देते रहते थे। मृतक के भाई सुनील कुमार सिंह ने कहा, आज तक मेरे भाई के ऊपर किसी तरह का न तो कोई आरोप लगा और न ही किसी से भी उसकी दुश्मनी थी। बावजूद यह घटना काफी जघन्य है। इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और घटना स्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

वहीं, बथूअहिया गांव निवासी सह पूर्व मंत्री बिरेंद्र कुशवाहा ने इस घटना को निंदनीय बताया और जांच की बात कही। घटनास्थल पर पहुंची मृतक की पत्नी अंकिता सिंह, पुत्री वर्षा कुमारी, गोल्डेन कुमारी और पुत्र सिद्धांत कुमार सिंह सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बाबत थानाध्यक्ष राकेश कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामले का खुलासा हो सकता है, फिलहाल कार्रवाई जारी है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button