देश

राहुल गांधी ने मणिपुर में कहा- देश भारी अन्याय का सामना कर रहा है, इसलिए निकाल रहे हैं ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’

इंफ़ाल/नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि देश ‘भारी अन्याय’ का सामना कर रहा है, इसलिए ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली जा रही है. उन्होंने यात्रा की शुरुआत के मौके पर यह भी कहा कि एक ऐसे भविष्य का दृष्टिकोण पेश करना है, जो सद्भावना, समान भागीदारी वाला और भाईचारे से भरा हो. उन्होंने कहा कि मणिपुर में शासन का बुनियादी ढांचा विफल हो गया है, यह शर्मनाक है कि प्रधानमंत्री ने राज्य का दौरा नहीं किया.

राहुल गांधी ने कहा, ‘2004 से राजनीति में हूं. पहली बार हिंदुस्तान के एक प्रदेश गया, जहां पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई है. जिसे आप मणिपुर कहते थे, वो अब रहा ही नहीं.’ उन्होंने दावा किया, ‘देश के प्रधानमंत्री आज तक यहां लोगों के आंसू पोंछने, हाथ पकड़ने नहीं आए. शायद भाजपा, आरएसएस के लिए मणिपुर देश का हिस्सा नहीं है.’

राहुल गांधी ने कहा, ‘सवाल उठा था कि यात्रा शुरू कहां से होनी चाहिए? मैंने साफ कहा कि यह यात्रा मणिपुर से ही शुरू होनी चाहिए.’ उन्होंने दावा किया कि मणिपुर में जो हुआ, वो भाजपा, आरएसएस की ‘नफरत की राजनीति’ का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि देश में एकाधिकार कायम किया जा रहा है और बड़े पैमाने पर कारोबार बंद हो गए हैं तथा भयंकर बेरोजगारी है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘भारत भारी अन्याय का सामना कर रहा है और इसलिए यह यात्रा जरूरी है.’ उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘हम अपने मन की बात नहीं बताना चाहते, हम आपके मन की बात सुनना चाहते हैं.’

‘जनता के साथ मुंह में राम बगल में छुरी जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए’: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जनता के साथ ‘मुंह में राम बगल में छुरी’ जैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए तथा आस्था के नाम पर वोट पाने के लिए ‘ढोंगबाजी’ नहीं की जानी चाहिए.

उन्होंने इंफाल के निकट थौबल में राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने के मौके पर यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी वोट हासिल करने के लिए मणिपुर आए थे, लेकिन जब यहां के लोगों पर संकट आया तो वह यहां नहीं आए.

कार्यकर्ताओं में जोश : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ये यात्रा मणिपुर के थौबल जिले से शुरू होकर मुंबई में खत्म होगी. इसको लेकर पूरी तैयारी कर ली गई हैं. कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा दल तैनात किए गए हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शहर में राहुल गांधी के स्वागत के लिए बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए हैं.

यात्रा के दौरान राहुल गांधी 67 दिनों में 6,700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेंगे और 110 जिलों से गुजरेंगे. दिल्ली से रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को कहा कि पार्टी का लक्ष्य हर घर तक पहुंचना है जब तक लोगों को न्याय का अधिकार नहीं मिल जाता.

अनुराग ठाकुर बोले- ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ प्रपंच : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को रविवार को एक प्रपंच बताया और कहा कि इस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को न्याय नहीं मिल रहा है और वे दूसरे दलों में शामिल हो रहे हैं. ठाकुर ने कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद, हिमंत विश्व शर्मा, हार्दिक पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आर. पी. एन सिंह और सुनील जाखड़ जैसे नेताओं के कांग्रेस छोड़ने का जिक्र किया.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ठाकुर ने कहा, ‘ऐसे नेताओं की एक लंबी सूची है, जिन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है, क्योंकि उन्हें पार्टी में न्याय नहीं मिल रहा है. अब मिलिंद देवड़ा ने भी कांग्रेस छोड़ दी है.’ पूर्व केंद्रीय मंत्री और कभी राहुल गांधी के करीबी सहयोगी रहे देवड़ा ने रविवार को कांग्रेस छोड़ दी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए. ठाकुर ने कहा, ‘कांग्रेस की न्याय यात्रा एक प्रपंच है. राहुल गांधी और सोनिया गांधी लोगों को न्याय देने की बात करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस नेता खुद न्याय से वंचित हैं.’

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button