देश

‘हिंसा मामले में कड़ी कार्रवाई की जा रही’, विदेश मंत्रालय ने गुजरात विश्वविद्यालय की घटना पर कहा

नई दिल्ली। भारत ने रविवार को कहा कि गुजरात सरकार अहमदाबाद के एक विश्वविद्यालय में हुई हिंसा के मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है, जिसमें दो विदेशी छात्र घायल हो गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि हिंसा में घायल दो विदेशी छात्रों में से एक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘कल अहमदाबाद स्थित गुजरात विश्वविद्यालय में हिंसा की घटना हुई। राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हिंसा में दो विदेशी छात्र घायल हो गए। उनमें से एक को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।’’

अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जी.एस. मलिक ने बताया कि घटना के संबंध में 20 से 25 लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है और जांच के लिए नौ टीम गठित की गई हैं। मलिक ने बताया कि घटना की सूचना शनिवार रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर मिली जब करीब 20-25 लोग गुजरात विश्वविद्यालय के छात्रावास में घुस गए और उन्होंने अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान तथा अन्य देशों के छात्रों के छात्रावास में नमाज पढ़ने पर आपत्ति जतायी।

मलिक ने बताया, ‘‘करीब 20-25 लोग छात्रावास परिसर में घुसे और उन्होंने वहां अंतरराष्ट्रीय छात्रों के नमाज पढ़ने पर आपत्ति जताते हुए उनसे मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए कहा। उनकी इस मुद्दे पर बहस हुई और उन्होंने उनसे मारपीट की तथा पथराव किया।’’ उन्होंने बताया कि दो छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जो श्रीलंका तथा ताजिकिस्तान से हैं। मलिक ने बताया कि 20-25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button