देश

PM मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर नड्डा ने की मीसा की निंदा, कहा- ‘इंडी’ के आधे नेता जेल में, तो आधे ‘बेल’ पर

सीधी (मध्य प्रदेश)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे पी नड्डा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जेल संबंधी टिप्पणी करने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता मीसा भारती पर निशाना साधा और दावा किया कि ‘इंडी’ ब्लॉक के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार को देखकर विपक्षी गठबंधन बौखला गया है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती ने हाल में बिहार के पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान केंद्र पर हमला किया, जहां से वह अपनी पार्टी की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं।

मीसा भारती ने कहा कि अगर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो प्रधानमंत्री मोदी सलाखों के पीछे होंगे। नड्डा ने आज यहां एक चुनावी सभा में कहा, ”इंडी गठबंधन के आधे नेता भ्रष्टाचार के मामलों में या तो जेल में हैं या जमानत पर हैं। क्या आप ऐसे लोगों को सरकार सौंपना चाहते हैं? इंडी गठबंधन हताश हो गया है क्योंकि उसके नेताओं को एहसास हो गया है कि उनकी हार आसन्न है। वे एक हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं और हताशा में मोदीजी को गालियां दे रहे हैं।”

उन्होंने कहा, ‘‘ कल मीसा भारती ने कहा कि अगर उनकी सरकार आएगी तो मोदी जी को जेल भेज दिया जाएगा। मोदी जी ने बिना किसी दोष के 12 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और 10 वर्षों तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने देश को परिवार मानकर सेवा की लेकिन लालू यादव की बेटी मीसा भारती इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं।’’

उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से सवाल किया, “क्या लालू यादव जमानत पर हैं? क्या उनकी पत्नी राबड़ी जमानत पर हैं? क्या उनका परिवार भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना नहीं कर रहा है – नौकरी के बदले जमीन घोटाला, चारा घोटाला – इस तरह के लोग यह भाषा बोल रहे हैं। क्या आप सभी इस प्रकार की भाषा को स्वीकार करते हैं?”

उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री मोदी के पीछे मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा, ”यह विपक्षी गठबंधन दो कारणों से अस्तित्व में आया – मोदी कहते हैं भ्रष्टाचार मिटाओ, लेकिन वे (विपक्षी नेता) कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ। ये सभी भ्रष्ट लोग एक साथ आ गए हैं…एक तरह के पंख के पक्षी एक साथ झुंड में आते हैं। दूसरी बात ये कि ये पार्टियां अपने परिवार को बचाने के लिए एक साथ आए हैं।’’

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग शासन के दौरान कोयला घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला, चीनी घोटाला, चावल घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल (सीडब्ल्यूजी) घोटाला, 2जी और 3जी घोटाले जैसे कई घोटाले हुए। उन्होंने कहा, ” कांग्रेस के घोटालों ने तीनों लोकों को झकझोर कर रख दिया – आकाश, जमीन और भूमि के अंदर।’’

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button