खेल-खिलाड़ी
आकाश दीप ने क्यों इग्नोर किया राहुल द्रविड़ का मैसेज? जानें कहानी
आकाश दीप ने बताया कि राहुल द्रविड़ का नंबर उनके फोन में सेव नहीं था। जब द्रविड़ ने मैसेज करके लिखा कि वह अगले दिन खेल रहे हैं, तो आकाश ने उसे सामान्य मैसेज समझकर नजरअंदाज कर दिया। बाद में जब उन्होंने मैसेज दोबारा देखा तो पता चला कि यह राहुल द्रविड़ का ही नंबर था।
मैसेज को पहचानने के बाद आकाश दीप ने तुरंत राहुल द्रविड़ को फोन किया और उनसे माफी मांगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान करीब 11-12 घंटे तक उनके मन में यह सवाल बना रहा कि वह वास्तव में टेस्ट मैच खेलेंगे या नहीं।
आकाश दीप का टेस्ट डेब्यू 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ रांची टेस्ट में हुआ था। अपने पहले ही टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने बेन डकेट, ओली पोप और जैक क्रॉली के विकेट हासिल किए और शानदार शुरुआत की।
बिहार के सासाराम से आने वाले आकाश दीप का क्रिकेट सफर भी काफी अलग रहा है। उन्होंने बताया कि बैटिंग किट महंगी होने के कारण उन्होंने गेंदबाजी को अपनाया, क्योंकि तेज गेंदबाज के तौर पर उन्हें ज्यादा उपकरणों की जरूरत नहीं पड़ती थी। इसके बाद कोलकाता में क्लब क्रिकेट से आगे बढ़ते हुए उन्होंने पेशेवर क्रिकेट में अपनी जगह बनाई।
टेस्ट डेब्यू के मौके को आकाश दीप ने अपने 22-23 साल के क्रिकेट सफर की परीक्षा बताया। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा अवसर था और वह इस मौके को सिर्फ खुशी के बजाय अपनी मेहनत को साबित करने के अवसर के रूप में देख रहे थे।