अमेरिका ने जारी किया दिवाली Forever Stamp, संगिता भुताडा की रंगोली को मिली जगह

अमेरिका ने भारतीय संस्कृति और दिवाली के पारंपरिक उत्सव को सम्मान देते हुए एक नया डाक टिकट जारी किया है। अमेरिकी डाक सेवा (USPS) की ओर से जारी इस खास Forever Stamp पर भारतीय कलाकार संगिता भुताडा की खूबसूरत रंगोली को प्रदर्शित किया गया है। 21 अक्टूबर को वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित समारोह के दौरान इस टिकट का अनावरण किया गया। इस अवसर पर भारत के अमेरिकी राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, USPS की वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिबानी गंभीर और कलाकार संगिता भुताडा मौजूद रहीं।
इस डाक टिकट की सबसे खास बात इसमें दिखाई गई पारंपरिक भारतीय रंगोली है। रंगोली भारत की प्राचीन लोककलाओं में से एक है, जिसे दिवाली और अन्य शुभ अवसरों पर घरों के आंगन और प्रवेश द्वार पर बनाया जाता है। इसे रंगीन चावल के पाउडर, फूलों की पंखुड़ियों, रंगीन रेत और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया जाता है। भारतीय परंपरा में रंगोली को सौभाग्य, खुशहाली और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है।
करीब 30 साल से रंगोली बना रहीं संगिता भुताडा
भारतीय मूल की संगिता भुताडा अमेरिका के ह्यूस्टन क्षेत्र में रहती हैं और पिछले करीब 30 वर्षों से रंगोली कला का अभ्यास कर रही हैं। इस खास डाक टिकट के लिए उन्होंने नीले, नारंगी, हरे, लाल और सफेद रंगों का इस्तेमाल करते हुए आकर्षक डिजाइन तैयार किया। उनकी बनाई मूल रंगोली का आकार करीब आठ फीट व्यास का था। इसे तैयार करने में लगभग 8 से 10 दिन लगे, जबकि वह सामान्य तौर पर एक रंगोली बनाने में चार से छह घंटे का समय लेती हैं।
डिजाइन के लिए भेजे गए थे कई स्केच
संगिता भुताडा ने बताया कि USPS ने एक साल से अधिक समय पहले उनसे इस डाक टिकट के लिए संपर्क किया था। उन्होंने इसके लिए करीब एक दर्जन डिजाइन स्केच भेजे थे, जिनमें से चार को चुना गया। इसके बाद अंतिम रंगोली तैयार की गई। टिकट के डिजाइन का काम जेनिफर अर्नोल्ड ने किया, जबकि विलियम जे. गिकर ने आर्ट डायरेक्टर की भूमिका निभाई। रंगोली की तस्वीर बिजय दीक्षित ने खींची थी।
2016 के बाद दूसरी बार जारी हुआ दिवाली स्टैंप
अमेरिकी डाक सेवा ने दिवाली के अवसर पर दूसरी बार विशेष डाक टिकट जारी किया है। इससे पहले वर्ष 2016 में पहला दिवाली स्टैंप जारी किया गया था, जिस पर पारंपरिक दीपक यानी दीये की तस्वीर थी। करीब दस साल बाद जारी हुआ यह नया टिकट भारतीय संस्कृति और कला को अमेरिकी डाक व्यवस्था के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
दुनियाभर में पहुंचेगी भारतीय कला की पहचान
इस Forever Stamp के जरिए भारतीय रंगोली कला को अमेरिका में व्यापक पहचान मिलेगी। Forever Stamp की खासियत यह है कि इसकी कीमत भविष्य में डाक शुल्क बढ़ने पर भी फर्स्ट-क्लास मेल की एक औंस वाली मौजूदा डाक दर के बराबर मान्य रहती है। यह टिकट 20 के पैनल में उपलब्ध कराया गया है। संगिता भुताडा की कला को मिली इस अंतरराष्ट्रीय पहचान को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



