आर्यवीर-अन्वय का जलवा, भारत U19 ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

राजकोट में बारिश के कारण मुकाबला 20-20 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत U19 ने 6 विकेट पर 182 रन बनाए। यशवर्धन चौहान ने 34 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली, जबकि अन्वय द्रविड़ ने 18 गेंदों में 38 रन बनाकर भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।
आर्यवीर सहवाग ने अपने भारत U19 डेब्यू में 26 गेंदों पर 28 रन बनाए और पांच चौके लगाए। उनके पिता वीरेंद्र सहवाग भी मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे।
अन्वय द्रविड़ ने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 38 रन की पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने यशवर्धन चौहान के साथ 34 गेंदों में 69 रन की अहम साझेदारी की, जिसने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया U19 की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन ही बना सकी। यशवर्धन चौहान ने गेंदबाजी में भी प्रभाव डाला और दो विकेट लिए। आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने केवल तीन रन दिए और दो विकेट हासिल कर भारत को 7 रन से जीत दिलाई।
इस जीत के साथ भारत U19 ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरा मुकाबला 21 सितंबर को राजकोट में खेला जाना है।



