अमेरिकी सेना ने Cloud One हैकिंग की खबरों पर दी सफाई, कहा- सिस्टम सुरक्षित

अमेरिका में सैन्य साइबर सुरक्षा को लेकर उस समय चिंता बढ़ गई, जब अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म Cloud One में हैकिंग की खबर सामने आई। रिपोर्टों के मुताबिक, हैकरों ने इस सिस्टम में सेंध लगाई, जिसका इस्तेमाल सैन्य और प्रशासनिक कामकाज के लिए किया जाता है। इसके बाद अमेरिकी सेना ने अपने कंप्यूटर सिस्टम की सुरक्षा को लेकर बयान जारी किया। रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग के सभी सिस्टम सुरक्षित हैं और विशेषज्ञों की टीमें 24 घंटे उनकी निगरानी करती हैं।
हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग ने Cloud One प्लेटफॉर्म के हैक होने की खबर को सीधे तौर पर न तो स्वीकार किया और न ही स्पष्ट रूप से खारिज किया। पेंटागन के अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा और परिचालन संबंधी नीतियों के तहत वे अपने नेटवर्क की स्थिति पर टिप्पणी नहीं करते। इससे पहले रॉयटर्स ने तीन सूत्रों के हवाले से बताया था कि Cloud One में सेंधमारी का पता पिछले महीने सिस्टम अपग्रेड के दौरान चला था। इस घटना के बाद प्लेटफॉर्म के कुछ कामकाज प्रभावित होने की भी खबर है।
क्या है Cloud One प्लेटफॉर्म?
Cloud One अमेरिकी वायुसेना का प्रमुख क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म है, जिसकी शुरुआत 2017 में हुई थी। इसमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, गूगल और ओरेकल जैसी कंपनियों की क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। यह प्लेटफॉर्म सैन्य कर्मियों के रिकॉर्ड, वेतन, लॉजिस्टिक्स, विमान रखरखाव और अन्य महत्वपूर्ण एप्लिकेशन को संचालित करने में मदद करता है। रिपोर्टों के अनुसार, हैकिंग के बाद अमेरिकी साइबर कमांड को संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए शामिल किया गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि हैकरों ने कौन-सा डेटा हासिल किया या कोई संवेदनशील जानकारी चोरी हुई है या नहीं।



