US-China Tensions: चीन ने 10 अमेरिकी सैन्य कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध, बढ़ा तनाव

China और United States के बीच चल रही रणनीतिक और व्यापारिक खींचतान एक बार फिर तेज हो गई है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने 10 अमेरिकी रक्षा एवं सैन्य क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों को अपनी निर्यात नियंत्रण सूची में शामिल कर दिया है। इसके तहत चीनी कंपनियां इन अमेरिकी फर्मों को “डुअल-यूज” (सैन्य और नागरिक दोनों उपयोग वाले) उत्पादों की आपूर्ति नहीं कर सकेंगी।
चीन की इस कार्रवाई को अमेरिका द्वारा हाल ही में कई प्रमुख चीनी कंपनियों, जिनमें अलीबाबा, बैदू और बीवाईडी जैसी कंपनियां शामिल हैं, को सैन्य संबंधों के आरोप में ब्लैकलिस्ट किए जाने के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतिबंध की जद में आने वाली अमेरिकी कंपनियों में ड्रोन निर्माता, रक्षा तकनीक कंपनियां और रेयर-अर्थ सेक्टर से जुड़ी फर्में शामिल हैं। इसके अलावा चीन ने 46 अमेरिकी कंपनियों के उत्पादों की सरकारी खरीद पर भी रोक लगा दी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन प्रतिबंधों का तत्काल आर्थिक असर सीमित हो सकता है, लेकिन यह कदम दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और अविश्वास का संकेत है। खासकर रक्षा तकनीक, सेमीकंडक्टर, रेयर-अर्थ मिनरल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच टकराव आगे और बढ़ सकता है।



