देश

कोटा में UP के छात्र की मौत, अस्पताल में तीन दिनों से चल रहा था इलाज

कोटा. राजस्थान के कोटा में एक और स्टूडेंट की मौत का मामला सामने आया है. छात्र बीते दो दिनों से महाराव भीम सिंह चिकित्सालय में भर्ती था. ब्लड शुगर बढ़ जाने के चलते उसका उपचार चल रहा था. उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया. छात्र के परिजन भी सूचना पर कोटा पहुंचे हैं.

16 फरवरी को हुई थी तबीयत खराब : कुन्हाड़ी थाने के सहायक उप निरीक्षक रईस मोहम्मद के अनुसार मृतक 21 वर्षीय शिवम राघव उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के अंतरौली थाना इलाके के केथल गांव निवासी था. वह लक्ष्मण विहार स्थित एक हॉस्टल में रहता था. 16 फरवरी को तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. इसके बाद रविवार सुबह उसकी मौत हो गई. रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.

3 साल पहले आया था कोटा : छात्र के चाचा आशु राघव का कहना है कि शिवम कोटा के कुन्हाड़ी इलाके के लक्ष्मण विहार स्थित हॉस्टल में रहता था. वो 3 साल पहले नीट की तैयारी के लिए कोटा आया था. इसके बाद वो सेल्फ स्टडी कर रहा था. बीमारी की सूचना मिलने पर वे शनिवार सुबह आ गए थे. उसका इलाज एमबीएस अस्पताल में शुरू हुआ, जहां उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया था. शुरुआत में वो बेहोश था, लेकिन कुछ घंटों के बाद वह बातचीत भी करने लग गया था. रविवार सुबह 4 से 6:30 के बीच भी उसने बातचीत की थी, लेकिन इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया.

उन्होंने बताया कि शिवम को ब्लड शुगर बढ़ जाने के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. उन्होंने चिकित्सकों से रेफर करने की बात कही थी, लेकिन शिवम की तबीयत को देखते हुए चिकित्सकों ने इनकार कर दिया था. उसके पिता प्रवेंद्र राजपूत की पहले ही मौत हो चुकी है.

वहीं, हॉस्टल के संचालक ओम प्रकाश का कहना है कि शिवम एक महीने पहले ही रूम लेकर रहने आया था. तब उसने कहा था कि वह केवल अपने सामान यहां पर रखेगा, बाकी अपने दोस्तों के साथ ही उनके पीजी में रहकर पढ़ाई करेगा. उन्होंने बताया कि वो यहां पर आता भी नहीं था. वह मैस में खाना भी नहीं खाता था. वर्तमान में वह किसी कोचिंग में भी नहीं पढ़ रहा था, केवल सेल्फ स्टडी ही कर रहा था.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button