ब्रीच पोजिशन में नॉर्मल डिलीवरी क्यों खतरनाक?

गर्भावस्था के दौरान शिशु की स्थिति डिलीवरी के प्रकार को काफी प्रभावित करती है। ब्रीच पोजिशन में शिशु का सिर ऊपर और पैर नीचे की ओर होता है, जिससे नॉर्मल डिलीवरी के दौरान कई जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। इस स्थिति में शिशु का सिर अंत में निकलता है, जिससे दबाव बढ़ने पर उसकी हड्डियां टूटने या अन्य चोट लगने का खतरा रहता है। यही कारण है कि डॉक्टर अक्सर ब्रीच पोजिशन में सिजेरियन डिलीवरी को अधिक सुरक्षित मानते हैं, ताकि मां और बच्चे दोनों को जोखिम से बचाया जा सके।
नॉर्मल डिलीवरी के दौरान ब्रीच पोजिशन में सबसे बड़ा खतरा शिशु के सिर के फंसने का होता है, क्योंकि शरीर पहले बाहर आता है और सिर बाद में। इससे ऑक्सीजन की कमी (फीटल डिस्टेस) हो सकती है, जो शिशु के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। इसके अलावा, कंधे, गर्दन और रीढ़ की हड्डी पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
कुछ मामलों में अनुभवी डॉक्टर विशेष तकनीकों की मदद से ब्रीच बेबी की नॉर्मल डिलीवरी करवा सकते हैं, लेकिन यह केवल चुनिंदा परिस्थितियों में ही सुरक्षित होती है। इसलिए ज्यादातर मामलों में सिजेरियन सेक्शन को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच, अल्ट्रासाउंड और डॉक्टर की सलाह का पालन करना बेहद जरूरी होता है। यदि ब्रीच पोजिशन का पता समय रहते चल जाए, तो कुछ एक्सरसाइज या मेडिकल तकनीकों की मदद से शिशु को सही पोजिशन में लाने की कोशिश की जा सकती है, जिससे नॉर्मल डिलीवरी की संभावना बढ़ सकती है।



