देश

चट मंगनी पट ब्याह, सगाई के बाद आज ही दिल्ली में राजश्री के साथ सात फेरे लेंगे तेजस्वी यादव

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव आज ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे। दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में इक्के-दुक्के बाहरी लोगों के अलावा परिवार के सभी सदस्य मौजूद होंगे। सगाई के साथ आज ही शादी की रस्म भी पूरी की जाएगी। पूरा आयोजन हिंदू रीति रिवाज से होगा। कोरोना को लेकर जारी स्थिति के सामान्य होने पर बहुभोज का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शुभचिंतकों शामिल होंगे।

हालांकि यह सब स्थिति पर निर्भर करता है। सूत्रों की मानें तो तेजस्वी और राजश्री की शादी पिछले साल ही होनी थी लेकिन कोरोना के कारण ऐसा नहीं हो पाया। दोनों परिवार के लोग अब इसे टालने के मूड में नहीं थे। लिहाजा आज ही दिल्ली में सगाई के साथ शादी का संक्षिप्त आयोजन किया जा रहा है। तेजस्वी की होने वाली पत्नी हरियाणा की रहने वाली हैं। यह लालू परिवार में होने वाला पहला अंतरजातीय परिवार है।

हरियाणा की रहने वाली हैं तेजस्वी की पत्नी राजश्री

तेजस्वी और उनकी होने वाली दुल्हन दोनों दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। राजश्री हरियाणा की रहने वाली हैं और परिवार के साथ दिल्ली स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रहती हैं। आज के कार्यक्रम को लेकर परिवार का कोई सदस्य या दोस्त खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है।

नाराज हैं लालू यादव

सूत्रों की मानें तो तेजस्वी की सगाई और शादी को लेकर लालू प्रसाद यादव खुश नहीं हैं। रोहिणी ने भी सोशल मीडिया के जरिए भाई की शादी को लेकर खुशी जताई थी। वहीं परिवार के किसी सदस्य ने इसे लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

रोहिणी आचार्य ने किया था इशारा

तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने ट्वीट के जरिए आज शादी का इशारा किया था। उन्होंने कल ट्वीट कर कहा था, ‘भाई के सिर पर सेहरा है सजने वाला खुशियों से गुलजार घर का आंगन है होने वाला।’ जिससे अटकलें लगाई जा रही थीं कि आज राजद विधायक परिणय सूत्र में बंध जाएंगे।

डिप्टी सीएम रह चुके हैं तेजस्वी

लालू यादव के सबसे छोटे बेटे तेजस्वी यादव वर्तमान में बिहार में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। वे राघोपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। 2015 से 2017 तक वे बिहार के उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। राजनीति में आने से पहले वह क्रिकेट खिलाड़ी हुआ करते थे। आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम से खेल चुके हैं। इसके अलावा झारखंड टीम का भी हिस्सा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button