उत्तर प्रदेशमऊसत्ता-सियासत

अंसारी और अतीक को जेल भेजा इसलिए योगी अखिलेश के लिए अनुपयोगी: धर्मेंद्र प्रधान

मऊ। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को मऊ के घोषी में जन विश्वास यात्रा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव योगी को अनुपयोगी कहते हैं। सही बात है योगी अखिलेश के लिए अनुपयोगी ही हैं क्योंकि उन्होंने गुंडागर्दी और दहशतगर्दी करने वाले मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद को जेल में डाल दिया। वह इसलिए अनुपयोगी हैं क्योंकि उन्होंने गरीबों की जमीन और नौकरी हड़पने वाले आजम खान को जेल में डाल दिया। बिचौलिए और गुंडे, अपराधी जेल में हैं। यही सब अखिलेश यादव के नवरत्न थे। इसलिए योगी अखिलेश के लिए अनुपयोगी हैं। हमारे योगी जी गरीबों, पिछड़ों, दलितों, वंचितों, महिलाओं और युवाओं के लिए बहुत उपयोगी हैं क्योंकि उन्होंने उनके हित के लिए काम किया, उनके अधिकारों के लिए काम किया।

पहले की सरकार चंद लोगों की थी। उसे बिचौलिए पसंद थे, उसे दहशतगर्द पसंद थे, उसे गुंडे और माफिया पसंद थे। हमारी डबल इंजन की सरकार के केंद्र में इनमें से कोई नहीं है। भाजपा सरकारें गरीबों, पिछड़ों, दलितों, वंचितों, महिलाओं, युवाओं को केंद्र में रखकर काम करने वाली सरकार है। इस सरकार ने जनधन खातों से सीधे पैसे की मदद भेजी, घर बनाने के लिए सीधे खाते में पैसा दिया, बिजली दी, गैस कनेक्शन दिया, मुफ्त अनाज दिया, खाने का तेल, दाल और नमक दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने माताओं बहनों को सशक्त किया, उनकी सुरक्षा का ध्यान दिया, उन्हें भी सीधे खाते में मदद भेजी। पांच लाख रुपये तक का आयुष्मान का स्वास्थ्य रक्षा कवर दिया। हमने अपने लाभार्थियों को आत्मसम्मान और स्वाभिमान से जीवन यापन करने का पैकेज दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार न होती तो क्या होता। यह पूरे प्रदेश की जनता समझती है। कोरोना में जब प्रदेश के गरीब, वंचित, पिछड़े और आम लोग विपत्ति में थे तो महलों में रहने वाले पीढ़ी दर पीढ़ी दिल्ली और यूपी की सत्ता में रहने वाले लोग घरों से नहीं निकले। निकली तो केवल हमारी भाजपा की सरकार। मोदी और योगी ने मिलकर देश और प्रदेशवासियों की चिंता की। उन्हें भोजन मिले, उन्हें सुरक्षा मिले, उन्हें रोजगार मिले, इसकी चिंता किसी ने की तो वो हमारी सरकार ने की।

भाजपा नेता ने कहा कि गरीबों और पिछड़ों के नाम पर राजनीति करने वालों ने केवल अपने महल खड़े किए। उन्होंने अपनों, अपने करीबियों का ही पोषण किया। 2017 के बाद भाजपा की सरकार न होती तो प्रदेश में ऐसी ही व्यवस्था जारी रहती। गरीबों को मिल रहे डबल राशन पर डाका डाला जाता। गरीब के हक के पैसे की लूट होती और परिवारवादियों, सामंतवादियों के महल खड़े होते थे। उनकी सुख सुविधाओं की व्यवस्था होती। प्रदेश की जनता ने डबल इंजन की सरकार चुनी है।

इस सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे बनाया, विपत्ति में सबकी रोजी और रोटी की चिंता की। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास अर्जित कर 24 करोड़ प्रदेशवासियों की सेवा की। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले हम अपने काम के आधार पर जनता के बीच में आये हैं। लोगों का उत्साह बता रहा है कि जनता का भरोसा भाजपा पर कायम है। जनता के आशीर्वाद से हम विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में डबल इंजन की 300 प्लस सीटों के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button